ओडिशा में राज्यसभा चुनाव के दौरान क्रॉस वोटिंग करने वाले कांग्रेस के तीन विधायकों पर पार्टी ने कार्रवाई की है। कांग्रेस ने रमेश जेना, दशरथी गोमांगो और सोफिया फिरदौस को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा कि तीनों विधायकों से इस तरह के कदम की उम्मीद नहीं थी। इन विधायकों के खिलाफ संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई कराने के लिए विधानसभा स्पीकर से अनुरोध किया गया है, ताकि उन्हें अयोग्य घोषित किया जा सके। दरअसल 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस के इन तीनों विधायकों ने भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में वोट दिया था। इससे कांग्रेस और BJD समर्थित उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ा। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली में 60 फीट लंबा लोहे का पुल ढहा, एक महिला की मौके पर मौत दिल्ली के रूपनगर में मंगलवार सुबह लोहे का पुल गिरने से एक महिला की मौत हो गई। पुल नाले के ऊपर बना था और करीब 60 फीट लंबा था। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस, नेशनल डिजास्टर रिस्पोस फोर्स और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। दिल्ली फायर सर्विस के मुताबिक, हादसे के समय करीब 50 साल की महिला पुल के पास ही थी। अचानक पुल गिरा और वह मलबे के साथ ही नाले में गिर गई। रेस्क्यू टीम ने महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। ओडिशा के अस्पताल हादसे में मरने वालों की संख्या 12 हुई, इलाज के दौरान 2 और मरीजों की मौत ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में हुई आगजनी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। मंगलवार को इलाज के दौरान दो और मरीजों की मौत हुई। स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग के मुताबिक ट्रॉमा ICU से 23 मरीजों को शिफ्ट किया गया था। 7 मरीजों की हालत बिगड़ने से और 5 की इलाज के दौरान मौत हुई। सरकार ने जांच के लिए फैक्ट-फाइंडिंग टीम गठित की हैं। आग की शुरुआती वजह फिल्हाल शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। समान नागरिक संहिता पर अंतिम रिपोर्ट गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल को सौंपी गई, विधानसभा में 24 मार्च को चर्चा गुजरात में समान नागरिक संहिता (UCC) पर गठित समिति ने मंगलवार को अपनी अंतिम रिपोर्ट मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को सौंप दी। रिटायर्ड जस्टिस रंजना देसाई की अध्यक्षता वाली कमेटी ने विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और गोद लेने से जुड़े मामलों में समान कानून लागू करने की सिफारिश की है। रिपोर्ट में महिलाओं के अधिकारों की सुरक्षा और सभी नागरिकों के लिए समान कानूनी ढांचे पर जोर दिया गया है। समिति ने राज्यभर में विभिन्न समुदायों से बातचीत और फीडबैक लेने के बाद यह रिपोर्ट तैयार की है। रिपोर्ट पर सदन में चर्चा 24 मार्च को होगी। दिल्ली हाईकोर्ट बोला- केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी की बेटी को एपस्टीन से जोड़ने वाला कंटेंट 24 घंटे में सोशल मीडिया से हटाएं दिल्ली हाई कोर्ट ने मंगलवार को निर्देश दिया कि सोशल मीडिया से वह कंटेंट 24 घंटे के भीतर हटा दिया जाए, जो केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की बेटी को अमेरिकी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जोड़ता है। जस्टिस मिनी पुष्करणा ने कई यूज़र्स को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस तरह का कंटेंट किसी भी तरह से पब्लिश करने, सर्कुलेट करने या फैलाने से भी रोक दिया। जस्टिस पुष्करणा ने कहा कि अगर सोशल मीडिया यूजर्स पोस्ट नहीं हटाते हैं, तो प्लेटफॉर्म खुद ऐसे कंटेंट को हटा देंगे या उस तक पहुंचकर ब्लॉक कर देंगे। मामले की अगली सुनवाई अगस्त में होगी। इससे पहले हरदीप पुरी की बेटी ने मानहानि का मुकदमा दायर करते हुए 10 करोड़ रुपए के हर्जाने की मांग की थी। साथ ही कई संस्थाओं को मानहानिकारक कंटेंट फैलाने से रोकने का आदेश मांगा था। CBSE की बोर्ड एग्जाम की कॉपी चेक करने वाले टीचर्स को चेतावनी- सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर की तो लीगल एक्शन होगा सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (CBSE) ने सोमवार को 10वीं और 12वीं कक्षा के मूल्यांकन प्रक्रिया में शामिल शिक्षकों को सोशल मीडिया पर गुमराह करने वाली जानकारी शेयर करने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी। बोर्ड ने पाया कि कॉपी चेक करने वाले टीचर्स ऑनलाइन अपनी राय और अनुभव पोस्ट कर रहे थे, जिससे छात्रों और परीक्षा से जुड़े लोगों के बीच भ्रम और अफवाहें फैल सकती थीं। 16 मार्च को एक सर्कुलर जारी किया गया, जिसमें CBSE ने स्कूल प्रिंसिपलों को निर्देश दिया कि वे यह सुनिश्चित करें कि मूल्यांकनकर्ता सार्वजनिक मंचों पर बोर्ड परीक्षा की मार्किंग प्रक्रिया पर चर्चा करने से बचें। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में तीन होटलों में आग जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में लर्री पोरा इलाके में तीन होटलों में भीषण आग लग गई है। आग बुझाने के लिए पहलगाम, सल्लार, अनंतनाग और अश्मुकाम से दमकल की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। फिलहाल आग पर काबू पाने के लिए बचाव और बुझाने का अभियान जारी है। अरुणाचल प्रदेश में भूस्खलन में 4 मजदूरों की मौत अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर के नीति विहार में लैंडस्लाइ के दौरान एक दीवार गिरने से चार मजदूरों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। ईटानगर कैपिटल रीजन (ICR) के SP जुम्मार बसर ने बताया कि भारी बारिश के कारण हुए इस लैंडस्लाइड में, साइट पर काम कर रहे सात लोग मलबे के नीचे दब गए। यह घटना शाम करीब 4 बजे हुई, जब लगातार बारिश के कारण दीवार गिर गई, जिससे कीचड़ और मलबा नीचे खिसक आया और मजदूर उसमें फंस गए। उन्होंने बताया कि बचाव दल बाद में सातों मजदूरों को मलबे से बाहर निकालने में कामयाब रहे, लेकिन डॉक्टरों ने उनमें से चार को मृत घोषित कर दिया। जम्मू के पास तेज रफ्तार बस ने SUV को टक्कर मारी, 2 की मौत, 29 घायल जम्मू शहर के बाहरी इलाके में जोरियां-अखनूर सड़क पर एक यात्री बस की SUV से टक्कर हो गई, जिसके बाद बस पलट गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 29 अन्य घायल हो गए। यह हादसा कोटगढ़ी इलाके में हुआ। बस जोरियां के सीमावर्ती इलाके से अखनूर जा रही थी और बताया जा रहा है कि वह बहुत तेज रफ्तार से चल रही थी। बस की एक स्कॉर्पियो गाड़ी से आमने-सामने की टक्कर हो गई। अधिकारियों ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क से फिसलकर पलट गई। स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों ने बताया कि 11 घायल लोगों को सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल अखनूर ले जाया गया, जबकि 18 अन्य को इलाज के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (GMC) अस्पताल जम्मू ले जाया गया। महाराष्ट्र के नागपुर में पिकअप जीप पलटने से 26 लोग घायल महाराष्ट्र के नागपुर जिले में वर्धा नदी के पास एक तेज रफ्तार पिकअप जीप पलटने से 26 मजदूर घायल हो गए, जिनमें नौ महिलाएं भी शामिल हैं। ये मजदूर गाड़ी में ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे, और गाड़ी बेलौना गांव की ओर जा रही थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह हादसा तब हुआ जब मोवाड़ में वर्धा नदी के पास ड्राइवर का गाड़ी पर से नियंत्रण हट गया। स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद की। हादसे की जानकारी मिलने के बाद, नारखेड़ पुलिस स्टेशन की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को पास के एक अस्पताल में पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद, उन्हें आगे के इलाज के लिए नागपुर के GMCH में रेफर कर दिया गया। तकनीकी खराबी के कारण एयर इंडिया की न्यूयॉर्क-दिल्ली फ्लाइट आयरलैंड डायवर्ट एयर इंडिया का एक A350 विमान सोमवार को एक तकनीकी खराबी के कारण आयरलैंड के शैनन डायवर्ट कर दिया गया। विमान न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था। सूत्रों के अनुसार, विमान में लगभग 300 लोग सवार थे। शैनन डायवर्ट किए जाने से पहले यह विमान लगभग छह घंटे तक हवा में रहा। एयरलाइन ने बताया कि फ्लाइट AI102, जो 15 मार्च को न्यूयॉर्क (JFK) से दिल्ली के लिए उड़ान भर रही थी, में एक संभावित तकनीकी खराबी का संदेह होने पर उसे एहतियातन आयरलैंड के शैनन शहर में डायवर्ट कर दिया गया। एयर इंडिया के उच्च सुरक्षा मानकों के अनुरूप, विमान की अभी व्यापक तकनीकी जांच की जा रही है, जिसमें पूरा होने में थोड़ा अतिरिक्त समय लगेगा। एयर इंडिया ने कहा कि उसके एयरपोर्ट पार्टनर, शैनन एयरपोर्ट अधिकारियों के साथ मिलकर यात्रियों और क्रू को पूरी सहायता देने के लिए काम कर रहे हैं। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों को भोजन और जलपान उपलब्ध कराया गया, साथ ही इमिग्रेशन और कस्टम की प्रक्रिया पूरी करने में उनकी मदद के लिए भी व्यवस्था की गई। महाराष्ट्र के दहिसर में डंपर ट्रक की टक्कर से डिलीवरी मैन की मौत सोमवार दोपहर वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे के दहिसर इलाके में एक 28 साल के डिलीवरी मैन की मौत हो गई। उसकी स्कूटर को पीछे से एक डंपर ट्रक ने टक्कर मार दी थी।
अधिकारी ने पीड़ित की पहचान समीर शेख के रूप में की, जो अंधेरी की जूहु गली का रहने वाला था। दहिसर पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर में चेक नाके के पास हुई। डंपर ट्रक का ड्राइवर अकबर पठान (43), जो मौके से फरार हो गया था, उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।