भिवानी के जुई कलां में एक बुजुर्ग को रोडवेज बस द्वारा टक्कर मारने का मामला सामने आया है। जो यह वारदात वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसमें रोडवेज बस की टक्कर से बुजुर्ग उछलकर काफी दूर गिरता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं घायल फिलहाल रोहतक पीजीआई में भर्ती है। जिसकी पहचान जुई कलां निवासी करीब 55 वर्षीय रोहताश के रूप में हुई है। इधर, पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी। घायल रोहताश के बेटे अनिल ने बताया कि रोड क्रास करते समय रोडवेज बस चालक ने लापरवाही व तेज गति में बस चलाते हुए टक्कर मारी। यहां तक कि बचाने के लिए भी ब्रेक तक नहीं लगाए। उसके पिता सफेद पट्टे पर जा चुका था। जिस समय यह एक्सीडेंट हुआ। उसके पिता फिलहाल रोहतक पीजीआई के आईसीयू में भर्ती हैं और उपचार चल रहा है। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने उसके पिता को संभाला और उपचार के लिए एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया था। इसका पता लगते ही वह भी अपने पिता को संभालने के लिए पहुंचे। साथ ही अनिल ने कहा कि रोडवेज चालक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। रोडवेज बस ने मारी टक्कर
भिवानी के गांव जुई कलां निवासी करीब 55 वर्षीय रोहताश ने पुलिस को शिकायत दी। जिसमें बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। 30 मार्च को वह तोशाम बाईपास से अपने घर पैदल आ रहा था। जब वह बाईपास से शराब ठेके के पास पहुंचा तो रोड क्रास करते समय तोशाम की तरफ से आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने तेज स्पीड में टक्कर मार दी। जिसके कारण वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर गया। वहीं हादसे के बाद रोडवेज बस का ड्राइवर मौके से भाग गया। उसे उपचार के लिए जुई के सरकारी अस्पताल में लेकर जाया गया। वहां से गंभीर हालत को देखते हुए भिवानी रेफर कर दिया। भिवानी के नागरिक अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस को देकर रोडवेज बस ड्राइवर के खिलाफ लापरवाही से एक्सीडेंट करने का केस दर्ज करके कार्रवाई की मांग की। केस दर्ज करके जांच जारी
जुई कलां पुलिस थाना के जांच अधिकारी ASI रणबीर सिंह ने बताया कि 30 मार्च को एक्सीडेंट हुआ था। जिसके बाद उन्हें रुक्का मिला तो घायल के बयान दर्ज करके केस दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में रोडवेज ड्राइवर की गलती लग रही है, इसलिए उसके खिलाफ ही केस दर्ज किया गया है। वहीं रोडवेज ड्राइवर को शामिल जांच किया है। मामले की कार्रवाई की जा रही है।