पटना मेट्रो आज भूतनाथ से मलाही पकड़ी तक दौड़ेगी। गुरुवार को दो नए स्टेशन खेमनीचक और मलाही पकड़ी पर पहली बार मेट्रो का ट्रायल रन किया जाएगा। नए सेक्शन को यात्रियों के लिए खोलने से पहले यह ट्रायल रन जरूरी है। आज के ट्रायल रन में ट्रेन की गति, आपातकालीन ब्रेक सिस्टम और स्टेशनों के बीच तालमेल का परीक्षण किया जाएगा। इस दौरान पाटलिपुत्र बस टर्मिनल से भूतनाथ स्टेशन के बीच आज आम लोगों के लिए मेट्रो का परिचालन बंद रहेगा। इसका कारण ये है कि अभी एक ही मेट्रो ट्रेन है, जो संचालित हो रही है। इसी से ट्रायल होगा। मेट्रो सेवाएं 27 फरवरी से पहले की तरह सामान्य समय पर फिर से शुरू हो जाएंगी। मार्च में आएगी कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी की टीम पटना मेट्रो के अधिकारियों के मुताबिक, कमिश्नर ऑफ मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम को जांच के लिए 25 फरवरी को आना था। लेकिन, अपरिहार्य कारणों से उस दिन नहीं आ रही है। गुरुवार को पटना मेट्रो और दिल्ली मेट्रो की टीम द्वारा ट्रायल किया जाएगा। अलग-अलग स्पीड पर चलाकर देखा जाएगा। CMRS की टीम मार्च में आएगी। इस दौरान टीम दोनों स्टेशन के ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम, प्लेटफॉर्म सुरक्षा व्यवस्था, यात्री सुविधाएं और अन्य तकनीकी पहलुओं की बारीकी से जांच होगी। सभी तकनीकी और सुरक्षा मानकों पर खरे उतरने के बाद उद्घाटन की तारीख तय होगी। खेमनीचक बन रहा एलिवेटेड एक्सचेंज स्टेशन पटना मेट्रो अधिकारियों के मुताबिक भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच 2.75 किमी में परिचालन की अंतिम तैयारी चल रही है। इसके बाद लोग मलाही पकड़ी से पाटलिपुत्र बस टर्मिनल तक 6.2 किमी एलिवेटेड मेट्रो पर सफर करेंगे। इनके बीच पांच स्टेशन पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरोमाइल, भूतनाथ, खेमनीचक और मलाही पकड़ी में होंगे। खेमनीचक एलिवेटेड स्टेशन को एक्सचेंज स्टेशन बनाया जा रहा है। यहां से कॉरिडोर-1 और कॉरिडोर-2 दोनों तरफ जाने वाली रूट की मेट्रो मिलेगी। इस कारण स्टेशन के निर्माण में समय लग रहा है। दूसरे चरण में खेमनीचक से मीठापुर के बीच मेट्रो का परिचालन होगा शहर में 31.9 किमी मेट्रो लाइन का निर्माण होना है। इस पर 13,365 करोड़ की राशि खर्च हो रही है। इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार की हिस्सेदारी के अलावा जायका से लोन लिया गया है। दूसरे चरण में खेमनीचक से मीठापुर के बीच मेट्रो का परिचालन होगा। इसमें खेमनीचक, जगनपुरा, रामकृष्णानगर, मीठापुर स्टेशन शामिल हैं। इस एलिवेटेड रूट में बिजली का खंभा लगाने का काम शुरू किया गया है। जल्द ही ट्रैक बिछाने का काम शुरू होगा।