भोजपुरी सिंगर के इवेंट में 20 राउंड फायरिंग, 3 घायल:नालंदा में बाउंसर्स और गेस्ट के सुरक्षाकर्मियों में भिड़ंत, घायल बोला- भागता नहीं तो मर जाता

नालंदा में ‘रंग बरसे होली मिलन समारोह’ में दौरान फायरिंग हुई है। इसमें एक पत्रकार समेत 3 लोग जख्मी हुए है। कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद के बाद भोजपुरी गायक रोशन रोही के बाउंसरों और कुछ मेहमानों के सुरक्षाकर्मियों ने खुलेआम फायरिंग कर दी। इस दौरान रोड़ेबाजी भी की गई। घटना बिहार थाना क्षेत्र अंतर्गत नकटपुरा गांव स्थित स्मार्ट सिटी वाटर पार्क का है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए गायक रोशन रोही समेत मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, कितने लोग अरेस्ट हुए है, पुलिस ने अभी ये क्लीयर नहीं किया है। 20 राउंड फायरिंग से दहला इलाका घायल पत्रकार ऋषिकेश ने बताया कि, ‘वे होली मिलन कार्यक्रम के निमंत्रण पर वाटर पार्क पहुंचे थे। उनके पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। सड़क से ही गोलीबारी शुरू हो गई थी। जैसे ही मैंने मोबाइल निकालकर वीडियो बनाना चाहा, स्थानीय लड़कों और बाउंसरों की भीड़ ने मुझ पर हमला कर दिया। उन्होंने मेरे दोनों मोबाइल छीन लिए और जमकर रोड़ेबाजी की। करीब 15 से 20 राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी। मौके से किसी तरह से अपनी जान बचा कर भागा हूं। अगर मैं नहीं भागता तो मेरी मौत हो जाती।’ राहगीर और चालक भी जख्मी बासोचक गांव के रहने वाले घायल सुबेलाल कुमार ने बताया कि वह अपने खेत से काम कर लौट रहे थे। इसी दौरान पार्क में गोली चल रही थी। अचानक एक गोली मेरे पैर में लग गई। सदर डीएसपी-वन नूरुल हक ने बताया कि घायलों में पत्रकार ऋषिकेश, एक 19 साल का युवक और एक गाड़ी का ड्राइवर शामिल है, जिसके सिर पर चोट आई है। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। बिना अनुमति के हो रहा था कार्यक्रम, 4 हथियार जब्त सदर डीएसपी नूरुल हक ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह ‘अनधिकृत’ था और इसका कोई लाइसेंस नहीं लिया गया था। डीएसपी ने पुष्टि की कि गायक के बाउंसरों और कुछ मेहमानों के निजी सुरक्षाकर्मियों की ओर से फायरिंग की गई है। पुलिस ने मौके से चार हथियार बरामद किए हैं और तीन क्षतिग्रस्त गाड़ियों को जब्त किया है। घटना के बाद पुलिस ने वाटर पार्क की घेराबंदी कर दी है। पुलिस ने की घेराबंदी, आरोपियों की धरपकड़ जारी डीएसपी नूरुल हक ने कहा कि हमने गायक रोशन रोही को पकड़कर थाने भेज दिया है। मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वाटर पार्क के अंदर मौजूद हर व्यक्ति की पहचान सुनिश्चित की जा रही है। बाहर से आए गाड़ी और बाउंसरों की जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साक्ष्य संकलन के साथ-साथ अन्य फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *