‘भ्रम और साजिश को विफल करेंगे’:कानपुर में BJP प्रदेश मंत्री धर्मपाल सिंह ने बैठक की, कहा-बूथ स्तर पर तैयारी करें जिसे विपक्ष भेद न सके

कानपुर में भाजपा ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक मजबूत रणनीति बनाने का निर्देश दिया।
पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी पर जोर
धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और हर कार्यकर्ता इसकी ताकत है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के हर भ्रम और षड्यंत्र को विफल कर पार्टी 2027 में बड़ी जीत हासिल करेगी। इसके लिए बूथ, शक्ति केंद्र और मंडल स्तर पर ऐसी ‘अभेद्य व्यूह रचना’ तैयार की जाए, जिसे विपक्ष भेद न सके।
योग्यता के अनुसार जिम्मेदारी देने के निर्देश
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारी दी जाए। मजबूत संगठन ही चुनावी सफलता की कुंजी है।
प्रशिक्षण से तैयार होगा कर्मयोगी नेतृत्व
‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि वैचारिक मजबूती का माध्यम है। निर्देश दिए गए कि मंडल प्रशिक्षण वर्गों में सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि रात्रि प्रवास करें, जिससे कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बढ़े।
6 अप्रैल को हर बूथ पर मनेगा स्थापना दिवस
बैठक की अध्यक्षता करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने बताया कि 6 अप्रैल को भाजपा का स्थापना दिवस हर बूथ पर उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान पार्टी की नीतियों और उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
ये कार्यकर्ता मौजूद रहे
बैठक का संचालन क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू ने किया। इसमें अनूप गुप्ता, देवेश कोरी, कमलावती सिंह, अनिल यादव, रीता शास्त्री, पवन प्रताप सिंह, सुनील तिवारी, हर्ष द्विवेदी, अनूप अवस्थी, शिवराम सिंह, अनिल दीक्षित, उपेंद्र पासवान, रेणुका सचान समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *