मंजूरी के बाद भी पीपा पुल का निर्माण नहीं:समस्तीपुर में सीएम ने की थी घोषणा, दियारा के लोग बोले- मजबूरन नाव से सफर करना पड़ता है

समस्तीपुर जिले में मोहनपुर प्रखंड के हरदासपुर गंगा दियारा में राशि आवंटन के बाद भी पीपा पुल का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है। जिससे स्थानीय लोगों में रोष है। इसी साल जनवरी महीने में प्रगति यात्रा के दौरान सीएम नीतीश कुमार ने पीपा पुल बनाने की घोषणा की थी। कैबिनेट से मंजूरी के बाद 38.72 करोड़ रुपए जारी कर दिया गया था, इसके बाद भी काम शुरू नहीं हुआ। हरदासपुर दियारा के लोग गंगा नदी पर पुल की आस लगाए बैठे हैं। पुल बनने से इलाके की दशा और दिशा दोनों बदल जाएगी। काफी साल से इस पंचायत के लोग नाव की सवारी कर रहे हैं। इलाके का समुचित विकास नहीं हो पा रहा है। आवागमन की सुविधा सुलभ होने से इलाके में विकास की गति तेज हो जाएगी। यहां के किसान अनाज, दूध, हरी सब्जियां पटोरी समेत पटना के बाजार में आसानी से लेकर पहुंच सकेंगे। जिसे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार आएगी। रोजाना 1000 से 1500 लोग इस पार से उस पार जाते हैं पत्थर घाट पर नाव चलाने वाले अखिलेश बताते हैं, ‘आजादी के बाद मेरे दादा यहां पर नाव चलाते थे। दादा के बाद पिताजी और अब मैं नाव चला रहा हूं। रोजाना हजार से 1500 लोगों को गंगा पार कराते हैं। पीपा पुल बनने से लोगों का आना-जाना आसान हो जाएगा। फोर व्हीलर से घर तक जा सकेंगे। खासकर शादी के समय में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।’ दियारा के लोग ही दर्द को समझ सकते हैं रसलपुर निवासी संजय कुमार सिंह ने कहा, ‘गंगा नदी पर लोग वर्षों से पुल बनाने की मांग कर रहे हैं। पिछले दिनों पुल बनाने की घोषणा हुई थी। लगा कि अब इलाके में विकास होगा, लेकिन घोषण कागजों तक ही सिमटकर रह गई है। दियारा में रहने वाले लोग ही इस दर्द को समझ सकते हैं। अभी तो पानी कम है। बाढ़ के समय जलस्तर बढ़ने से आना-जाना मुश्किल हो जाएगा। नाव से गंगा पार करना मौत को गले लगाने जैसा है।’ हरदासपुर निवासी राजीव कुमार सिंह ने कहा… उम्मीद है यहां पर पीपा पुल बनेगा। पुल बनने से दियारा के लोगों को आने-जाने में सुविधा मिलेगी। किसान आसानी से पटना तक पहुंच सकेंगे। जिससे इलाके के लोगों की आर्थिक स्थिति भी ठीक होगी। निर्माण कार्य को लेकर योजना बनाई जा रही है वहीं, डीएम रोशन कुशवाहा ने कहा कि मोहनपुर प्रखंड के दियारा इलाके में पत्थर घाट से हरदासपुर घाट तक पीपा पुल निर्माण के लिए कैबिनेट ने 38.72 करोड रुपए की मंजूरी दी है। जिसको लेकर योजना बनाई जा रही है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *