मंडी की बगड़ाथाच पंचायत में बर्फबारी से फसलों को नुकसान:जौ, लहसुन, मटर और सेब के फूल झड़े, किसानों और बागबानों की बढ़ी परेशानी

मंडी जिले की सराज घाटी की बगड़ाथाच पंचायत में हुई बर्फबारी से किसानों और बागबानों को नुकसान हुआ है। जहां एक ओर बारिश और बर्फबारी को आमतौर पर वरदान माना जाता है, वहीं इस क्षेत्र में इसने फसलों को प्रभावित किया है। किसानों गंगा राम और रोशन लाल ने बताया कि बर्फबारी के कारण उनकी जौ, लहसुन और मटर की फसलें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसके अतिरिक्त, सेब के बगीचों में आए फूल भी झड़ गए हैं। किसानों का यह भी कहना है कि अगली फसलों के लिए बोई गई कुछ पनीरी (पौधे) भी बर्फ के कारण खराब हो गई हैं। कृषि विभाग का तर्क-बारिश और बर्फबारी किसानों के लिए फायदेमंद हालांकि, कृषि विभाग का कहना है कि यह बारिश और बर्फबारी हर लिहाज से किसानों और बागबानों के लिए फायदेमंद है और इससे किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। एसएमएस एग्रीकल्चर सराज ब्लॉक के अनुसार, इस क्षेत्र में जौ की फसल बहुत कम होती है, इसलिए इसमें अधिक नुकसान नहीं है। हालांकि, खुले में लगाई गई पनीरी को नुकसान हो सकता है। दूसरी फसलों के लिए भी फायदेमंद उधर, हॉर्टिकल्चर उपनिदेशक मंडी, डॉ. संजय गुप्ता ने कहा कि यह बर्फबारी और बारिश सभी प्रकार की फसलों के लिए हर लिहाज से फायदेमंद है। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि कुछ क्षेत्रों में जहां अधिक फूल आ रहे हैं, वहां अधिक बर्फबारी कुछ नुकसानदेह हो सकती है, लेकिन वर्तमान बर्फबारी इतनी अधिक नहीं है कि बड़ा नुकसान हो। आगे बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में जिले में बारिश की संभावना जताई जा रही है। मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। अभी किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *