मंडी के आरठी में मिला महिला का शव:पुलिस ने एरिया किया सील, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा वारदात का खुलासा

मंडी जिले के जोगिंद्रनगर शहर से सटे आरठी गांव में एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतका की पहचान मणि देवी (40) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से गांव भजेरा, डाकघर द्रुबबल की निवासी थी और वर्तमान में आरठी गांव में ठहरी हुई थी। शव मिलने की सूचना पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आसपास के पूरे क्षेत्र को सील कर दिया। एसपी विनोद कुमार ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और जांच अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

फोरेंसिक टीम ने की जांच मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और घटनास्थल से अहम नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस ने हत्या समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है। लोगों ने की जल्द कार्रवाई की मांग घटना की तह तक जाने के लिए पुलिस ने आसपास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जुटाए गए तथ्यों के आधार पर जल्द ही आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *