मंडी के जोनल अस्पताल में दिनदहाड़े चोरी:लोहे की चादर चुराकर भागा, सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ कर पुलिस को सौंपा

मंडी के जोनल अस्पताल में गुरुवार दोपहर को एक व्यक्ति ने दिनदहाड़े छत निर्माण में इस्तेमाल होने वाली लोहे की चादर चोरी कर ली। हालांकि, अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के चलते चोर को महज 100 मीटर की दूरी पर ही पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया। यह घटना गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे हुई। अस्पताल के सुपरवाइजर अनिल कुमार ने बताया कि एक व्यक्ति मौका पाकर छत निर्माण में प्रयोग होने वाली लोहे की चादर उठाकर तेजी से भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा गार्डों ने तुरंत उसका पीछा करना शुरू कर दिया। सुरक्षा गार्डों ने दौड़कर पकड़ा सुरक्षा गार्डों की मुस्तैदी के कारण चोर को अस्पताल से लगभग 100 मीटर दूर आर्मी कैंटीन के पास दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान नेरचौक निवासी रिंकू के रूप में बताई। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सिटी पुलिस चौकी को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी अकेला ही वारदात को अंजाम देने आया था। अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल इस घटना ने दिनदहाड़े अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, सुरक्षा गार्डों की तत्परता से चोरी की गई सामग्री बरामद कर ली गई और एक बड़ी घटना टल गई। पुलिस फिलहाल मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि किसी अन्य की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *