हिमाचल के मंडी जिले में चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर पंडोह स्थित पीवीटी मोड़ पर रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। मणिकरण जा रहे बाइक सवार को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। यह हादसा ट्रक नंबर HP 65A 3233 और बाइक नंबर PB 02 EM 2069 के बीच हुआ। बाइक पर राजेंद्र कुमार पुत्र विजय कुमार, निवासी गोपालपुर कथुनगर, तहसील मजीठा, जिला अमृतसर, पंजाब पिछली सीट पर बैठा था। बताया गया कि ट्रक की टक्कर राजेंद्र कुमार की बाजू पर लगी, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वो सड़क पर गिर गया। गिरने के बाद उनका सिर ट्रक के अगले टायर के नीचे आ गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। राजेंद्र कुमार के साथ यात्रा कर रहे अन्य बाइक सवार उन्हें तुरंत मंडी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। लोगों ने ट्रक में की तोड़फोड़ पंडोह पुलिस चौकी के एसआई दीपक कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर रमेश चंद के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बाइक चालक तरसेम सिंह ने जानकारी दी कि वे सभी रात को मंडी गुरुद्वारे में रुके थे और सुबह मणिकरण के लिए निकले थे। उन्होंने यह भी बताया कि एंबुलेंस सेवा की तत्काल जानकारी न होने के कारण घायल को बाइक पर ही मंडी अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद, मणिकरण जा रहे कुछ अन्य बाइक सवारों ने कथित तौर पर आक्रोश में आकर ट्रक के शीशे पत्थरों से तोड़ दिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और स्थिति नियंत्रण में है।