मंडी जिले के जोगिंद्रनगर बाजार में सोमवार शाम एक सड़क हादसे में 71 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। यह घटना शाम करीब चार बजे मेन बाजार के मंदिर रोड लिंक के पास हुई, जब एक बाइक सवार ने सड़क पार कर रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। बाइक सवार पठानकोट चौक से मंडी की ओर जा रहा था। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत जोगेन्दर नगर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान भूरी सिंह (71), निवासी गांव कौंसल, डाकघर बस्सी के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। पुलिस ने बाइक ड्राइवर शिवम, निवासी गांव ढेलू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। एसपी मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।