मंडी में बादल फटने से मां-बेटे समेत तीन की मौत:एक घायल, ऑटो हटाने बाहर निकले थे; नाले में अचानक आया पानी बहा ले गया

हिमाचल के मंडी शहर में बादल फटने से मंगलवार सुबह बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पूर्व पार्षद कृष्णा का बेटा, पुत्रवधू और पोता शामिल है। हादसे में पूर्व पार्षद का दूसरा बेटा गंभीर घायल है। जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। जानकारी के अनुसार घटना उस समय हुई जब भारी बारिश के दौरान सुबह के समय बलबीर सिंह और दर्शन सिंह अपने घर के पास पार्क किए गए ऑटो को हटा रहे थे। अचानक नाले में भारी मात्रा में पानी आ गया। इस दौरान वहां खड़ी दर्शन सिंह की पत्नी सपना और बेटे अमनप्रीत सिंह को भी पानी बहा ले गया। मलबे से भारी तबाही मची इस हादसे में दर्शन सिंह के भाई, पत्नी और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। दर्शन सिंह बुरी तरह घायल हुए हैं। उनका इलाज जोनल अस्पताल मंडी में चल रहा है। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि मृतकों के शवों को निकाल लिया गया है। जेल रोड, अस्पताल रोड, सैण मोहल्ला और आस-पास के रिहायशी इलाकों में पानी और मलबे से भारी तबाही मची है। कई घरों में मलबा घुसा स्कोडी नाले के साथ लगते कई घरों में मलबा घुस गया है। कई मकान असुरक्षित हो गए हैं। जिला प्रशासन की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं। असुरक्षित घरों में रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। अधिकांश लोग अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और विधायक ने लिया जायजा वहीं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व स्थानीय विधायक अनिल शर्मा ने भी घटना का जायजा लिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि कल रात से मंडी में भारी बारिश हो रही है। हमें क्षेत्र में भारी नुकसान की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ की टीमें बचाव अभियान चला रही हैं। इस क्षेत्र में इतना बड़ा नुकसान पहले कभी नहीं हुआ। यह चिंता का विषय है। जिला में हो रही भारी बारिश के चलते चंडीगढ़ मनाली फोरलेन और पठानकोट-जोगिंदर नगर-मंडी एनएच जगह-जगह पहाड़ी से भूस्खलन होने के चलते बंद हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *