मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर राज्य की आर्थिक स्थिति कमजोर करने और गलत तरीके से सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह की राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री एक दिवसीय दौरे पर करसोग पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने यहां एक डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। यहां आयोजित जनसभा में उन्होंने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर निशाना साधा। जयराम सरकार ने केवल ठेकेदारों को लाभ पहुंचाया उन्होंने कहा कि पूर्व जयराम सरकार ने अपने कार्यकाल के अंतिम छह महीनों में बिना किसी उचित व्यवस्था के 600 स्कूल खोल दिए। प्रदेश का धन गलत तरीके से लुटाया गया। छतरी में 40 लाख रुपये की लागत से आईटीआई भवन बनाया गया, जिसमें मात्र 18 छात्र हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने ठेकेदारों को लाभ पहुंचाने के लिए काम किया। भाजपा ने अच्छा काम किया होता तो किसान और बागवान सभी खुश होते उन्होंने कहा कि यदि पूर्व सरकार ने सही काम किया होता तो किसान व बागवान आर्थिक रूप से मजबूत होते। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही अनाथ बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने पर ध्यान केंद्रित किया है। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिया है। जल्द ही प्रदेश की महिलाओं को ₹1500 प्रति माह दिए जाएंगे। सत्ता सुख भोगने नहीं, परिवर्तन करने आए हैं उन्होंने भाजपा के सोशल मीडिया सेल पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब भी वह कोई बात कहते हैं, तो तुरंत टिप्पणियां आनी शुरू हो जाती हैं। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि उनकी सरकार सत्ता का सुख भोगने नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आई है।