मंत्री विक्रमादित्य ने रामपुर के पदम पैलेस में मनाई होली:भाईचारे का दिया संदेश, युवाओं के साथ किया डांस, गुलाल लगाकर दी शुभकामनाएं

शिमला जिले के रामपुर में होली का पर्व इस वर्ष पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने ऐतिहासिक पदम पैलेस परिसर में प्रातः 11 बजे रामपुर वासियों के साथ रंगों का त्योहार मनाया। इस कार्यक्रम में शहर और आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उपस्थित जनसमूह को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। मंत्री ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का प्रतीक पर्व है, जो हमें सभी भेदभाव भूलकर खुशियां बांटने का संदेश देता है। पहाड़ी नाटी पर जमकर किया डांस कार्यक्रम के दौरान पदम पैलेस परिसर का वातावरण पूरी तरह रंगमय हो गया। युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने पहाड़ी नाटी पर जमकर नृत्य किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोगों ने पारंपरिक अंदाज में होली का आनंद लिया। विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने एक साथ नाटी लगाकर क्षेत्रीय संस्कृति की झलक प्रस्तुत की, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण बन गया। पूरा पदम पैलेस परिसर रंगों से सराबोर दिखाई दिया। यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां सभी ने मिलजुलकर होली पर्व को यादगार बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *