कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी क्षेत्र में एक महिला और उसके साथियों पर एक व्यक्ति को मकान बेचने के बहाने घर बुलाकर अश्लील वीडियो बनाने और 75 हजार रुपये ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर सुल्तानपुर लोधी थाने में सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित हरविंदर सिंह ने बताया कि 27 मार्च को दोपहर में उसे मोना नामक महिला का फोन आया था। महिला ने उसे बताया कि उसे पता चला है कि हरविंदर मकान खरीदना चाहता है और उसके पास एक तैयार मकान है जिसे वह दिखा सकती है। इसी बहाने महिला ने हरविंदर को अपने घर बुला लिया। घर के अंदर आते ही महिला ने शुरू की अश्लील हरकतें हरविंदर के घर पहुंचने पर महिला ने अचानक अपने कपड़े उतारकर उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। इसी दौरान कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और उन्होंने हरविंदर का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बाद में आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उससे 75 हजार रुपये ले लिए। वे पीड़ित से 2 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग भी कर रहे थे। पीड़ित ने बताया कि वीडियो बनाने वालों में बूटा निवासी गांव तलवण, राजेश कुमार निवासी शाहकोट, काका निवासी गांव साबूवाल और तारी निवासी गांव काकड़ा शामिल थे। शिकायत मिलने के बाद थाना सुल्तानपुर लोधी पुलिस ने महिला मोना सहित कुल सात आरोपियों, जिनमें हरदीप सिंह, बूटा, राजेश, काका, तारी और एक अन्य महिला शामिल हैं, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई हरीश कुमार ने बताया कि सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।