मधुबनी में उत्पाद विभाग ने 77 जगहों पर की छापेमारी:5 शराब तस्कर सहित 27 शराबी गिरफ्तार, 315 लीटर शराब सहित वाहन जब्त

मधुबनी उत्पाद विभाग ने जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में 27 लोगों को गिरफ्तार किया है। उत्पाद अधीक्षक विजयकांत ठाकुर ने सोमवार शाम एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को विभाग की विभिन्न टीमों ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में सघन छापेमारी की। इस अभियान के तहत कुल 77 स्थानों पर छापेमारी की गई। इसमें 27 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 शराब तस्कर और 22 शराब का सेवन करने वाले शामिल हैं। छापेमारी के दौरान 54 लीटर देसी शराब और 261 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। अवैध शराब के परिवहन में इस्तेमाल किया जा रहा एक वाहन भी जब्त किया गया है। उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि अरेर थाना क्षेत्र के मुरेठ और बिस्फी थाना क्षेत्र के नरसाम गांव में ड्रोन तकनीक का उपयोग कर निगरानी की गई। ड्रोन टीम की मदद से इन क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण की गतिविधियों का पता चला। कार्रवाई के दौरान लगभग 450 किलोग्राम अर्ध-निर्मित शराब का घोल बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया, जिससे अवैध शराब के उत्पादन को रोका जा सका। विजयकांत ठाकुर ने जानकारी दी कि गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद सोमवार शाम उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई राज्य में लागू शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से की गई है। उत्पाद अधीक्षक ने आगे कहा कि मधुबनी उत्पाद विभाग अवैध शराब के कारोबारियों और सेवन करने वालों के खिलाफ इसी तरह के सघन अभियान जारी रखेगा। विभाग की टीम जिले में शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के लिए पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *