बिहार के मधुबनी में हरियाणा के रहने वाले 5 लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई है। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में एक महिला भी शामिल है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो से लोग नेपाल और नॉर्थ ईस्ट घूमने जा रहे थे। इसी दौरान परसाधाम चौक के पास हाईवे पर ट्रक ने स्कॉर्पियो में टक्कर मार दी। मृतकों की पहचान हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के कनिपला निवासी संजीव और रौडीखेड़ी गांव के रहने वाले विकास, अंकुश और रजिया के रूप में हुई है। हालांकि, एक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। वहीं, रितिक और कपिस घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद फुलपरास थाने की पुलिस और फुलपरास एसडीपीओ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। कैसे हुआ हादसा, सिलसिलेवार पढ़िए, पूरी खबर.. तड़के सुबह हाईवे पर हुई ट्रक-स्कॉर्पियो की टक्कर गुरुवार की तड़के सुबह चार बजे दरभंगा की ओर से आ रही हरियाणा नंबर स्कॉर्पियो हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रण होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया घटना की सूचना मिलते ही फुलपरास थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। सात लोग गंभीर हालत में झंझारपुर अनुमंडलीय अस्पताल भेजे गए, रास्ते में तीन घायलों संजीव, विकास और अंकुश की मौत हो गई। जबकि दो की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दो घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया। हरियाणा से घूमने निकले थे सभी पुलिस ने बताया कि संजीव अपने एक दोस्त से गाड़ी लेकर घूमने निकला था। स्कॉर्पियो का नंबर एचआर 07 एजी 3633 है। अनुमान लगाया जा रहा है कि यह सभी नेपाल और पूर्वोत्तर भारत की ओर घूमने जा रहे थे। मृतक संजीव के साले विक्रम कुमार ने फोन पर बताया कि पिछले तीन दिनों से उनकी संजीव से कोई बातचीत नहीं हुई थी। गुरुवार सुबह पुलिस से हादसे की जानकारी दी है। परिजनों के आने का इंतजार कर रही पुलिस हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। फुलपरास थानाध्यक्ष विक्रम आचार्य ने बताया कि स्कॉर्पियो में चालक समेत सात लोग सवार थे, जिनमें छह पुरुष और एक महिला शामिल थी। हादसे में 2 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, तीन अन्य अस्पताल ले जाने के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों के आने का इंतजार कर रही है, ताकि आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा सके।