महंगे टोल के बावजूद बदहाल सड़कों के जॉइंट एक्सपेंशन में गैप

लुधियाना| नेशनल हाईवे-44 पर महंगा टोल देने के बावजूद यात्रियों को सुरक्षित सफर नहीं मिल रहा। लुधियाना से दोराहा की ओर जाने वाले हाइवे पर दोराहा फ्लाइओवर के हालात बेहद खतरनाक बन चुके हैं। भास्कर की ग्राउंड रिपोर्ट में पहले भी सामने आ चुका है कि 340 रुपए तक का टोल देने के बावजूद सड़क की स्थिति खराब है और हादसों का खतरा बना रहता है। दोराहा फ्लाइओवर के जॉइंट एक्सपेंशन में बड़ा गैप आ गया है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है। इस गैप के कारण वाहन चालक अचानक ब्रेक लगाने को मजबूर हो जाते हैं, जिससे पीछे आ रहे वाहन भी असंतुलित हो जाते हैं। राहगीर दलजीत सिंह ने बताया कि वह भी इस खतरे का शिकार होने से बाल-बाल बचे। फ्लाइओवर पर चढ़ते ही अचानक बड़ा गैप सामने आया, जिसके चलते उन्हें गाड़ी धीमी करनी पड़ी। गनीमत रही कि पीछे आ रहा ट्रक दूर था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी बड़ी लापरवाही हादसों को न्योता दे रही है। उन्होंने एनएचएआई के अधिकारियों से मांग की है कि हाइवे पर नियमित पेट्रोलिंग की जाए और जहां भी कमी हो, उसे तुरंत ठीक कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *