महापंचायत में फैसला- मासूम शर्मा का शो नहीं होने देंगे:पूर्व सरपंच बोले-धरमू ने प्री प्लान बेइज्जती करवाई, पहले हाथ जोड़ लेता तो मामला नहीं बढ़ता

हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और एक्स सरपंच विवाद अब और गहरा गया है। वीरवार को जींद में सरपंचों की महापंचायत हुई। जिसमें फैसला लिया गया कि पंचायतों में मासूम शर्मा के शो नहीं होने देंगे। सरपंच एसोसिएशन के राज्य प्रधान रणबीर गिल ने कहा-‘मासूम शर्मा सिक्योरिटी का दुरुपयोग कर रहा है, इसे हम सीएम के संज्ञान में लाएंगे। अगर धमकी देने का मामला है तो पूरे हरियाणा की पंचायत पूर्व सरपंच के साथ हैं। हम मासूम का अपनी-अपनी पंचायत में कोई कार्यक्रम नहीं होने देंगे, सभी सरपंचों से अपील है कि सहयोग करें।’ उधर, सिंगर से हुए विवाद के बाद मुआना के पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा बोले- ‘मैं जब तक जीवित रहूंगा, सरपंच ही कहलाऊंगा। मैं मंच से नीचे चला गया था। मासूम शर्मा का बहनोई धर्मवीर उर्फ धरमू मुझे स्टेज पर लेकर गया और प्री प्लान से बेइज्जती करवाई। अगर मेरी गलती है तो मैं छाती ठोककर माफी मांगने को तैयार हूं। लेकिन अगर मासूम पहले माफी मांग लेता तो मामला नहीं बढ़ता।’ मासूम के पैतृक गांव के युवा उनके पक्ष में उतरे मासूम शर्मा के पक्ष में उसके पैतृक गांव ब्राहम्णवास जींद के कुछ युवाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर समर्थन किया और कहा-पूरा गांव मासूम के साथ है। गलती किसी से भी हो जाती है और मासूम ने माफी मांग ली है। सरपंचों पर जो बात कही, उन शब्दों की माफी मांग ली। माफ करने वाला बड़ा होता है। यदि कोई किसी तरह का वहम रखता है तो वह गांव में आकर देख ले। वो सामाजिक है और अपनी कमा-खा रहा है। हरियाणवी सिंगर्स ने भी मासूम को माफी मांगने को कहा इससे पहले सिंगर देवा कुमार देवा ने कहा कि सब कलाकारों को लोग ‘कलंकार’ कहने लगे हैं। मासूम के एक बार माफी मांगने पर ही मामला सुलझ सकता है, उसे माफी मांग लेनी चाहिए। वहीं, हरियाणवी सिंगर व म्यूजिक डायरेक्टर अमित सैनी रोहतकिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा… एक ही काम हो सकता है, कलाकारी कर लो या बदमाशी। हरियाणवी कलाकार प्रदीप बूरा ने सरपंचों से कहा- हम आपके पैरों की धूल भी नहीं। इससे पहले कलाकार राहुल पुट्‌ठी सरपंचों के हक में सॉन्ग रिलीज कर चुके हैं। सिलसिलेवार पढ़िए…विवाद पर कलाकारों ने क्या कहा अमित सैनी बोले- पहले इज्जतदार लोगों की वैल्यू थी
सिंगर अमित सैनी रोहतकिया ने कहा कि कुछ भाइयों के मैसेज आ रहे हैं कि आप भी इस मामले पर कुछ बोलें। भाइयों, मुझे कुछ नहीं पता। मैं अपनी मस्ती में मस्त हूं। फालतू चीजां से दूर रहया करूं। गायक हूं गाने गाया करूं। काम एकै हो सके या बदमाशी हो सके या गाने गाए जा सके। (मैं अपनी मस्ती में मस्त हूं। फालतू चीजों से दूर रहता हूं। एक गायक हूं, सॉन्ग करता हूं। हां, हम या तो बदमाशी ही कर सकते हैं या सॉन्ग ही कर सकते हैं। पहले इज्जतदार लोगों की वैल्यू होती थी) प्रदीप बूरा बोले- एक मछली पूरा तालाब खराब करती है
हिसार के हरियाणवी कलाकार प्रदीप बूरा ने भी विवाद में कूदे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के 6 हजार से ऊपर गांव हैं, सरपंच हैं या मंत्री हैं या एमएलए हैं। भाई, आप लोगों से मैं माफी मांगता हूं, क्योंकि हम भी कलाकार हैं। आप सम्मानित व्यक्ति हो, जनता के चुने हुए हो। हमारे आदर्श हो, जनता भी हमारी आदर्श हैं। हम तो पांव की धूल भी नहीं है। बचपन में सुना था कि एक गंदी मछली पूरे तलाब को बेकार कर देती है, आज हमने ये बात देखी है। कई सरपंच, पार्षद भाइयों के फोन आए। माफी मांगने वाला कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। प्लीज, आप संयम रखें। 18 फरवरी को जींद में हुआ था विवाद
यह विवाद 18 फरवरी को जींद में मासूम शर्मा के बहन कविता व बहनोई धर्मवीर आर्य की 25वीं मैरिज एनिवर्सिरी कार्यक्रम के दौरान शुरू हुआ था। शो के दौरान भीड़ बढ़ने पर मासूम शर्मा ने मंच से पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा को नीचे उतरने के लिए कहा और कहा कि “मेरे प्रोग्राम में कोई सरपंच, एमएलए या मंत्री हो, मैं किसी को नहीं मानता।” इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद सरपंचों ने कड़ा विरोध जताया। पूर्व सरपंच राजेंद्र शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मासूम शर्मा को पंच का चुनाव लड़ने की चुनौती दे डाली। इसके बाद विवाद में प्रदेश के कई सरपंचों और सिंगरों की एंट्री हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *