महाराष्ट्र में रहने वाली एक महिला की यमुनानगर में स्थित प्लॉट पर धोखाधड़ी और अवैध कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उनकी गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर एक व्यक्ति ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनके प्लॉट पर कब्जा करने की कोशिश की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी शिकायत में टशकन स्टेट, खराडी जिला पुणे (महाराष्ट्र) निवासी रश्मी जलोटा ने बताया कि उन्हें 18 अक्टूबर 2008 को यमुनानगर की टीचर कॉलोनी (गाबा अस्पताल के पास) में स्थित प्लॉट नंबर 48, जिसका आकार 35×70 गज है, सेठ मुकंद लाल को-ऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसाइटी लिमिटेड द्वारा विधिवत अलॉट किया गया था। आरोपी ने संपत्ति अपनी बताते हुए कागजात होने का किया दावा यह प्लॉट उनकी सास के निधन के बाद नियमानुसार उनके नाम ट्रांसफर हुआ था और सोसाइटी द्वारा उन्हें इसका कब्जा भी दे दिया गया था, जिसके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। रश्मी के अनुसार, वह पिछले कुछ वर्षों से पुणे में रह रही थीं। हाल ही में जब वह शुक्रवार को यमुनानगर आईं तो उन्हें पता चला कि धीरज कुमार शर्मा निवासी आदर्शनगर नामक व्यक्ति ने उनके प्लॉट के चारों तरफ दीवार बनाकर उस पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की है। उन्होंने आगे बताया कि मंगलवार को जब उनकी धीरज कुमार से मुलाकात हुई तो उसने प्लॉट को अपनी संपत्ति बताते हुए अपने पास उसके कागजात होने का दावा किया। जबकि रश्मी जलोटा का कहना है कि उन्होंने कभी भी इस प्लॉट को न तो बेचा है और न ही किसी प्रकार का कोई सौदा या बयाना किया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच की शुरू उनके अनुसार, आरोपी ने धोखाधड़ी करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार किए हैं और उनके प्लॉट पर गलत तरीके से कब्जा करने की कोशिश की है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना शहर यमुनानगर में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। मामले की आगे की जांच पुलिस चौकी रामपुरा के इंचार्ज एएसआई मनोज कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।