मानसा के कस्बा भीखी में गुरुवार देर शाम एक सड़क हादसा हुआ। इस हादसे में एक तेज रफ्तार ट्रॉले ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा मानसा-पटियाला रोड पर भीखी कस्बे में हुआ। बाइक सवार तीनों युवक भीखी की ओर आ रहे थे, तभी सामने से आ रहे एक ट्रॉले ने उन्हें टक्कर मार दी। मृतक युवक मानसा जिले के गांव झब्बर का रहने वाला बताया जा रहा है। वहीं, घायल युवक गांव भुपाल के बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को मानसा के स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया है। फोन करने पर नहीं पहुंची एम्बुलेंस
घायलों के परिजनों, केवल सिंह और भूपिंदर सिंह ने बताया कि हादसे के बाद लोगों ने सरकारी एम्बुलेंस के लिए लगातार फोन किए, लेकिन एम्बुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इसके चलते घायलों और मृतक को निजी वाहनों से अस्पताल ले जाना पड़ा। उन्होंने सरकार के सड़क सुरक्षा बल और त्वरित एम्बुलेंस सेवा के दावों पर सवाल उठाए।