मानसा जिले में कांग्रेसी नेताओं ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ट्रेड डील को रद्द करने की मांग की और राष्ट्रपति के नाम डिप्टी कमिश्नर मानसा को एक ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं बलकौर सिंह सिद्धू मूसेवाला, विक्रमजीत सिंह मोफर, कुलवंत राय सिंगला और किसान विंग के जिला अध्यक्ष बलजीत शर्मा ने इस डील को किसान और मजदूर विरोधी बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समझौते से देश के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान होगा और उनकी आय पर सीधा असर पड़ेगा। कांग्रेसी नेताओं का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन सरदूलगढ़ से कांग्रेस नेता विक्रम मोफर ने कहा कि केंद्र सरकार ने पहले भी किसानों के खिलाफ तीन कृषि कानून लाए थे, जिनका देशभर में विरोध हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब यह ट्रेड डील अमेरिका को फायदा पहुंचाने के लिए की गई है, जिससे भारतीय किसानों को बड़ा नुकसान होगा। डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर को सौंपा ज्ञापन नेताओं ने याद दिलाया कि केंद्र सरकार को लगभग एक साल चले आंदोलन के बाद कृषि कानून वापस लेने पड़े थे। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक यह ट्रेड डील रद्द नहीं की जाती, कांग्रेस पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध जारी रखेगी। ज्ञापन डिप्टी कमिश्नर नवजोत कौर को सौंपा गया।