पंजाब के मानसा जिले में स्ट्रीट डॉग्स का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कस्बा बुढलाड़ा के गांव बछोआना का है। यहां 5-6 कुत्तों ने 9 साल की एक मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। कुत्तों ने बच्ची को नीचे गिरा कर बुरी तरह से नोचा। आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उको कुत्तों से छुड़वाया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। उसे डॉक्टरों ने पटियाला रेफर कर दिया है। जानकारी अनुसार, यह घटना तब हुई जब 9 वर्षीय सुखमण कौर अपनी दादी के साथ खेत जा रही थी। रास्ते में पांच से छह आवारा कुत्तों ने बच्ची पर हमला कर उसे बुरी तरह नोच डाला। सुखमण कौर को तत्काल बुढलाड़ा के सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने बच्ची की गंभीर चोटों को देखते हुए उसे आगे के इलाज के लिए पटियाला रेफर कर दिया। गांव में बढ़ी आवारा कुत्तों की संख्या बच्ची के परिवार के सदस्यों, इकबाल सिंह और बलविंदर सिंह ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों की संख्या काफी बढ़ गई है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द आवारा कुत्तों को पकड़ने और बच्चों की सुरक्षा के लिए ठोस इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार उन्होंने जिला प्रशासन से इन आवारा कुत्तों से निजात दिलाने और बच्ची के इलाज में सहायता करने की मांग की है। गांववासियों ने भी जिला प्रशासन से आवारा कुत्तों के आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की है। गौरतलब है कि जिले में आवारा कुत्तों की तादाद बढ़ती जा रही है। इससे लोगों व उनके बच्चों का मोहल्लों में निकला मुश्किल हो गया है।