खगड़िया जिले के मानसी प्रखंड में इन दिनों एचपी और भारत गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर की भारी किल्लत देखी जा रही है। इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस लेने के लिए लोग सुबह से ही एजेंसी के बाहर लंबी कतारों में खड़े रहते हैं, लेकिन कई बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। यह समस्या विशेष रूप से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गैस की आपूर्ति नियमित नहीं हो रही है, जिससे उपभोक्ताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है। दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। मानसी के मनीष कुमार ने बताया कि गैस लेने के लिए उन्हें सुबह से ही एजेंसी पर लाइन में लगना पड़ता है, फिर भी कई बार गैस नहीं मिलती। इससे उनके घर का कामकाज प्रभावित हो रहा है। बलहा बाजार के अंकित कुमार ने भी गैस की किल्लत के कारण हो रही परेशानी पर चिंता व्यक्त की। बंगलिया के डब्लू सिंह ने कहा कि गैस की समय पर आपूर्ति न होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें कई बार दो-दो दिन तक एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं। मानसी बाजार के अमर यादव ने बताया कि गैस न मिलने के कारण लोगों को मजबूरी में लकड़ी और चूल्हे का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जो काफी मुश्किल भरा है। चकहुसैनी के मनोज कुमार ने गैस की नियमित आपूर्ति न होने से उपभोक्ताओं की परेशानी को उजागर किया। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द गैस आपूर्ति सुचारू करने की मांग की है। ग्रामीणों ने प्रशासन और गैस एजेंसियों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करें, ताकि उपभोक्ताओं को इस समस्या से निजात मिल सके।