लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर आयकर विभाग का छापा पड़ा है। बुधवार सुबह 7 बजे 50 से ज्यादा अफसर गाड़ियों से विधायक के गोमती नगर स्थित आवास पहुंचे। लखनऊ पुलिस भी साथ है। आयकर टीम ने विधायक के आवास को घेर लिया है। किसी के भी अंदर या बाहर जाने पर रोक लगा दी है। अफसर विधायक के आवास के अंदर फाइलें, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और रिकॉर्ड खंगाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, आयकर विभाग वित्तीय लेन-देन और संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। हालांकि, विभाग की ओर से अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है। उमाशंकर सिंह कैंसर से पीड़ित हैं। वह बलिया की रसड़ा विधानसभा से मौजूदा विधायक हैं। आयकर विभाग की इस कार्रवाई से राजनीतिक हलकों में हलचल है। यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं। सुबह-सुबह टीम ने दी दबिश
घर के बाहर फोर्स तैनात, अंदर आने-जाने की मनाही
गोमतीनगर के विपुल खंड स्थित विधायक का आवास और दफ्तर है। टीम ने गेट अंदर से बंद कर लिया है। बाहर बड़ी संख्या में फोर्स तैनात है। विधायक उमाशंकर सिंह गंभीर कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो बड़े ऑपरेशन हो चुके हैं। वर्तमान में वे लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रहकर इलाज ले रहे हैं। छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्स के आने-जाने पर भी अस्थायी रोक लगाए जाने की चर्चा रही, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
खबर को लगातार अपडेट किया जा रहा है…..