मार्केटिंग बोर्ड ने एक पोस्ट पर 2 असिस्टेंट-सेक्रेटरी लगाए:चार APMC में खाली है पद, राजनीतिक रसूख से पोस्टिंग, फैसले पर उठ रहे सवाल

हिमाचल प्रदेश में 10 APMC चेयरमैन को लग्जरी गाड़ियों की खरीद करने वाले एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। बोर्ड ने कृषि उपज विपणन समिति (APMC) सोलन में पहले से तैनात असिस्टेंट सेक्रेटरी के बावजूद एक और अधिकारी की पोस्टिंग कर दी है। इसके बाद, मार्केटिंग बोर्ड पर राजनीतिक रसूख और मनमानी के आरोप लगने लगे हैं। APMC कर्मचारियों में इससे अंदरखाते रोष व्याप्त है, क्योंकि जहां अधिकारी की जरूरत है, वहां पोस्टिंग न देकर एक पोस्ट पर दो-दो असिस्टेंट को लगा दिया गया। सोलन APMC में पहले से ही श्वेता शर्मा बतौर असिस्टेंट सेक्रेटरी सेवाएं दे रही हैं। हॉर्टिकल्चर से डेपुटेशन पर APMC में सेवाएं दे रही श्वेता श्वेता शर्मा का मूल कैडर हॉर्टिकल्चर है और वह डेपुटेशन पर सोलन APMC में तैनात हैं। इसके बावजूद एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड ने करीब एक महीना पहले शिमला APMC में तैनात मार्केट सुपरवाइजर रामचंद शर्मा को प्रमोट कर असिस्टेंट सेक्रेटरी बनाकर सोलन भेज दिया। इसी वजह से मार्केटिंग बोर्ड के फैसले पर हैरानी जताई जा रही है। 10 APMC में से 5 में असिस्टेंट सेक्रेटरी का पद प्रदेश में कुल 10 APMC हैं। इनमें शिमला, मंडी, सोलन, कांगड़ा और कुल्लू APMC में असिस्टेंट सेक्रेटरी का पद स्वीकृत है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि जब चार जिलों की APMC में असिस्टेंट सेक्रेटरी के पद खाली है तो सोलन में एक पद पर दो-दो असिस्टेंट सेक्रेटरी की तैनाती क्यों की गई, जबकि यहां काम एक का है। कृषि मंडियों से जुड़े लोगों का कहना है कि बोर्ड की इस व्यवस्था से कार्यप्रणाली पर असर पड़ रहा है और यह फैसला पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े करता है। अब यह देखना होगा कि सरकार और एग्रीकल्चर मार्केटिंग बोर्ड इस असंतुलित तैनाती को लेकर क्या रुख अपनाते हैं। अधिकारियों को फैसला रिव्यू करने के आदेश दिए जा चुके: पठानिया इसे लेकर जब मार्केटिंग बोर्ड चेयरमैन कुलदीप पठानिया से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि रामचंद के ऑर्डर उनकी जॉइनिंग से पहले हो चुके थे। यह मामला उनके ध्यान में आया है। उन्होंने बोर्ड अधिकारियों को इस फैसले को रिव्यू करने के आदेश दे दिए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *