मिस्ड कॉल से प्यार,2 लाख में गर्लफ्रेंड को बेच दिया:एक साल तक बंधक बनाकर रेप, वीडियो बनाए, पढ़िए कैसे अपनों को देखकर चिल्लाने लगी

पूर्णिया में बॉयफ्रेंड ने 2 लाख रुपए में गर्लफ्रेंड का सौदा कर दिया। लड़के ने डेढ़ साल पहले मिस्ड कॉल से लड़की को प्यार के जाल में फंसाया था। खरीदार ने लड़की को खरीदने के बाद उसके घर से 50 किलोमीटर दूर एक घर में 13 महीने से कैद रखा था। लड़की जिस मकान में कैद थी, उसी मकान के रास्ते से उसके दादा मंगलवार की शाम को किसी काम से जा रहे थे। रास्ते में लड़की के दादा सड़क किनारे टॉयलेट करने के लिए रुके। इसी दौरान उनकी नजर सामने घर में कैद अपनी पोती पर पड़ी। लड़की ने भी दादा-दादा कहकर जोर-जोर से चिल्लाने लगी। पोती को देखने के बाद दादा ने पूरा मामला समझ लिया और पुलिस को सूचना दी। वे पुलिस के साथ मकान में पहुंचे और लड़की का रेस्क्यू किया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जिस घर में लड़की कैद थी वहां से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार, सोने चांदी के जेवरात, 100 से अधिक जिंदा कारतूस और 5 लाख रुपए कैश बरामद किए हैं। शुरुआती पूछताछ में लड़की ने बताया कि खरीदार एक साल से उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना शहर के सदर थाना क्षेत्र के गुलाबबाग स्थित गुंडा चौक इलाके की है। लड़की की प्रेम कहानी क्या थी? आखिर लड़के ने किस बहाने से उसका सौदा किया? खरीदार कौन है? छापेमारी में पुलिस को लड़की को खरीदने वाले आरोपी के घर से क्या-क्या मिला? पढ़िए पूरी रिपोर्ट। सबसे पहले लड़की की प्रेम कहानी जानिए 28 साल की लड़की ने बताया कि करीब 18 महीने पहले मेरे पास एक मिस्ड कॉल आया था। थोड़ी देर बाद दोबारा कॉल करने वाले ने अपना नाम नूर बताया और किसी महिला का नाम लेकर उसके बारे में पूछ रहा था। जिस महिला के बारे में उसने जानकारी लेने की कोशिश की, मैं उस नाम की महिला को नहीं जानती थी। इसके बाद मैंने नूर को बताया कि आपने गलत नंबर डायल किया है। पीड़िता के मुताबिक, कुछ दिनों के बाद दोबारा नूर ने मुझे कॉल किया। मैंने जब उसे नहीं पहचाना तो उसने मुझे बताया कि गलती से आपके पास कुछ दिनों पहले कॉल लग गया था। इसके बाद जब मैंने कहा कि हां याद आया। फिर नूर ने मुझसे बातचीत करनी शुरू कर दी। लड़की के मुताबिक, हम दोनों के बीच रात को लंबी बातचीत होने लगी। एक दिन नूर ने मुझे प्रपोज किया। पहले तो मैंने इनकार किया, लेकिन कुछ दिनों बाद उसके प्यार को स्वीकार कर लिया। पीड़िता ने बताया कि हम दोनों की मुलाकात भी होने लगी। उसने बताया कि 13 महीने पहले आखिरी बार जब नूर से मेरी बात हुई थी, तो उसने मुझे शादी का झांसा दिया और कहा कि हम दोनों के घरवाले नहीं मानेंगे। इसलिए हम दोनों भागकर शादी कर लेते हैं। नूर की बातों में मैं आ गई और एक बैग में कपड़े लेकर घर से भाग निकली। रिश्तेदार से मिलाने के बहाने ले गया था नूर लड़की ने बताया कि घर से भागने के बाद मैं नूर के बताए जगह पर पहुंची। उसने मुझे अपने भरोसे में लिया और कहा कि शादी से पहले मैं तुम्हें अपने कुछ रिश्तेदारों से मिलवा देता हूं। मेरे पास कोई रास्ता नहीं था, लिहाजा नूर की बात मानकर मैं उसके साथ उसके रिश्तेदार से मिलने चली गई। इससे पहले नूर ने मुझे एक होटल में अपने साथ चार दिनों तक रखा था। इस दौरान उसने शादी का झांसा देकर मेरे साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। पांचवे दिन उसने मुझसे तैयार होने को कहा। फिर वो मुझे अपने साथ लेकर गुंडा चौक पहुंचा। पीड़िता के मुताबिक, नूर ने मुझे एक कमरे में बैठा दिया और कहा कि तुम कुछ देर इंतजार करो, मैं आता हूं। उधर, नूर ने जिस शख्स के मकान में मुझे रखा था, उससे 2 लाख रुपए में मेरा सौदा किया और फरार हो गया। लड़की ने बताया कि मैं दो घंटे तक नूर का इंतजार करती रही। अनजान शख्स मेरे कमरे में जबरन घुसा और जबरदस्ती की पीड़िता ने बताया कि 2 घंटे के इंतजार के बाद एक अनजान शख्स अचानक मेरे कमरे में घुसा और मेरे साथ जबरदस्ती की कोशिश की। मैंने काफी विरोध किया, लेकिन उसके चंगुल से नहीं बच पाई। मैंने उससे कहा कि नूर आएगा तो मैं तुम्हारी शिकायत करूंगी। लड़की के मुताबिक, शिकायत की बात कहने पर शख्स ने अपना नाम प्रह्लाद जायसवाल बताया और मुझसे कहा कि तुम जिस नूर का इंतजार कर रही हो, वो अब कभी नहीं आएगा, उसने तुम्हारा सौदा कर दिया है। इसके लिए मुझसे उसने 2 लाख रुपए लिए हैं। इसके बाद प्रह्लाद जायसवाल ने मुझे कमरे में बंद कर दिया। चूंकि मकान सुनसान इलाके में था, इसलिए मेरे चिखने चिल्लाने का कोई फायदा नहीं हुआ। उसने बताया कि आरोपी करीब 13 महीने से लगातार मेरा शारीरिक शोषण कर रहा था। उसके कुछ गुर्गे थे, जो लगातार मुझ पर नजर रख रहे थे। लड़की के भागने के बाद पिता ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की शिकायत लड़की ने बताया कि वो भवानीपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उधर, 13 महीने पहले लड़की के गायब होने के बाद उसके पिता ने स्थानीय थाना में बेटी की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। लंबे समय तक पुलिस और परिवार दोनों उसे तलाशते रहे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था। उधर, अपनी बेटी को देखने वाले दादा ने बताया कि मैं किसी काम से गुंडा चौक गया था। इसी दौरान एक मकान की छत से बेटी ने मुझे आवाज दी। मैंने देखा कि पोती जिस घर में कैद है, वहां संदिग्ध लोगों का जमावड़ा है। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए मैंने उसे शांत रहने का इशारा किया और बिना हंगामा किए वहां से निकल गया। इसके बाद मैंने परिवार के सदस्यों और पुलिस को पूरी जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बताए गए घर पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर के अंदर से लड़की को सुरक्षित बरामद कर लिया। इस दौरान एक संदिग्ध को पुलिस ने पकड़ा। पूछताछ में पुलिस को संदिग्ध ने बताया कि घर के अंदर जमीन में खजाना रखा है। पुलिस ने गड्ढा खुदवाया। जहां से पुलिस को गड्ढे में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात मिले। इसके अलावा करीब 1 किलो चांदी के बिस्कुट और लगभग 5 लाख रुपए नकद भी जब्त किए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *