मुंगेर में इंटर परीक्षा देने गया छात्र लापता:परिजनों ने कासिम बाजार थाने में दी शिकायत

मुंगेर में इंटरमीडिएट की परीक्षा देने गया हवेली खड़गपुर के नरेंद्र सिंह महाविद्यालय का छात्र अंकेश कुमार लापता हो गया है। अंकेश, जो टेटिया बंबर प्रखंड के रूपहुआ गांव का निवासी है, 2 फरवरी को परीक्षा के बाद से घर नहीं लौटा है। लापता छात्र अंकेश कुमार के पिता राधेश्याम यादव ने बताया कि अंकेश 2 फरवरी को मुंगेर के मॉडल हाई स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र में प्रथम पाली की परीक्षा देने गया था। परीक्षा के बाद देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने सगे-संबंधियों से संपर्क किया, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसके बाद, परिजनों ने अंकेश की तलाश के लिए मुंगेर के कासिम बाजार थाने में आवेदन दिया है। अंकेश हवेली खड़गपुर स्थित नरेंद्र सिंह महाविद्यालय में पढ़ता था और पढ़ाई में मेधावी बताया जाता है। कासिम बाजार थाना प्रभारी रूबिकांत कश्यप ने आवेदन की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, अंकेश के मोबाइल लोकेशन का भी पता लगाया जा रहा है। उन्होंने जल्द ही छात्र को खोज निकालने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *