मुंह पर पेशाब करने वालों का सिर मुंडवाया:जींद में युवक से मारपीट की, VIDEO सोशल मीडिया पर डाला; 5 आरोपी गिरफ्तार

हरियाणा के जींद में एक युवक के मुंह पर पेशाब करने और बुरी तरह मारपीट करने के मामले में सफीदों पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन पांचों आरोपियों को सबक सिखाने के लिए सिर मुंडवा दिए। 3 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। आरोपियों ने 16 फरवरी की रात सफीदों में शराब के नशे में एक युवक की बेरहमी से पिटाई की थी। मुंह पर पेशाब करने की घटना का वीडियो भी बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। पुलिस ने घायल युवक की शिकायत पर 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए पूरा मामला…. 16 फरवरी की रात को हमला किया सफीदों के वार्ड नंबर 3, रविदास मोहल्ला निवासी युवक नवीन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 16 फरवरी की शाम वह अपने दोस्तों रोहित और अजुमुद्दीन उर्फ छोटू के साथ सफीदों में हुड्डा ग्राउंड में बैठा था। उसी समय अरुण शिकारी अपने सात अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। गोली कान के पास से निकली नवीन ने आरोप लगाया कि अरुण शिकारी ने आते ही जान से मारने की नीयत से उस पर सीधा फायर किया। गोली उसके कान के पास से निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। इसके बाद, अरुण ने लोहे की रॉड से नवीन के सिर पर पीछे से वार किया, जिससे वह मुंह के बल गिर पड़ा। दोबारा उठने पर उस पर फिर से वार किया गया, जिसे नवीन ने हाथ आगे करके रोकने की कोशिश की। बोला- पंगा लिया तो जान से मार दूंगा नवीन के अनुसार, अरुण के उकसाने पर उसके साथियों मोहित, अभिनव, कृश, राबड़ी, संजू और आजाद ने भी रॉड और डंडों से नवीन, छोटू और रोहित को बेरहमी से पीटा। पिटाई के बाद अरुण शिकारी ने अपनी पैंट की जिप खोलकर उसके मुंह पर पेशाब किया और धमकी दी कि अगली बार पंगा लेने पर वह उसे जान से मार देगा। नवीन को इलाज के लिए पानीपत के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। DSP बोले- मुख्य आरोपी पर पहले भी 2 मामले DSP गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने खेड़ा खेमावती निवासी कृश, निवेश, मोहित, रविंद्र और विजय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की उम्र 18 से 23 साल के बीच है। पुलिस ने बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए 3-4 टीमें बनाई हैं। पुलिस ने पहले हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब इसमें हत्या की कोशिश, हथियार रखने के कानून और एससी/एसटी एक्ट की धारा जोड़ी हैं। मुख्य आरोपी अरुण शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ पहले भी 2 मामले दर्ज हैं और वह एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *