मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन पर कंटेनर की टक्कर से शिक्षक की मौत:शव क्षत-विक्षत, पॉलीथिन में एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां प्रखंड अंतर्गत गरहां थाना क्षेत्र में बुधवार को मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन सड़क (एनएच 27) पर गरहां चौक के पास कंटेनर की टक्कर से बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान शिक्षक ओमकारनाथ शाही के रूप में हुई है, जो काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के छाता चौक स्थित नया टोला के निवासी थे। वे भुसाही गांव स्थित माउंट लिटेरा जी स्कूल में परीक्षा इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। स्कूल से अपने घर लौटते समय गरहां चौक के समीप एक कंटेनर ने उनकी बाइक को रौंद दिया और चालक वाहन सहित फरार हो गया। क्षत-विक्षत हुआ शव, पॉलीथिन में एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षत-विक्षत शव को प्लास्टिक पॉलीथिन में एकत्रित कर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेजा। इस दौरान ग्रामीण पुलिस (चौकीदार) संतोष कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि बाइक सवार दरभंगा से मुजफ्फरपुर की ओर जा रहा था, तभी कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार कंटेनर की पहचान की जा सके। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन एसकेएमसीएच अस्पताल पहुंचे, जहां पुलिस ने उनके बयान दर्ज किए। थाना प्रभारी अभिषेक कुमार वर्मा ने बताया कि शव की शिनाख्त कर ली गई है और पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया जाएगा। आगे की जाँच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *