मुजफ्फरपुर के देवरिया थाना क्षेत्र में एकमा चौक स्थित वैशाली नहर में एक कार बेकाबू होकर गिर गई। इस हादसे में कार सवार दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिजली विभाग के कनीय अभियंता (JE) शनि कुमार और एक विभागीय कर्मी अफजल कुमार के तौर पर हुई है। आज सुबह स्थानीय लोगों ने एकमा चौक स्थित वैशाली नहर पुल के नीचे पानी में एक डूबी हुई कार देखी। कार का कुछ हिस्सा ही पानी के ऊपर दिखाई दे रहा था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना देवरिया थाना पुलिस को दी।
क्रेन की मदद से कार को निकाला सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस और ग्रामीणों के प्रयासों के बाद क्रेन की मदद से कार को पानी से बाहर निकाला गया।
कार का दरवाजा खोलने पर अंदर दो युवक अचेत अवस्था में मिले। पुलिस ने उन्हें तत्काल बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मिठनपुरा इलाके के रहने वाले थे मृतक पुलिस ने बताया कि दोनों मृतक शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र में रह कर ड्यूटी करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिजनों को जानकारी दी है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है। देवरिया थानाध्यक्ष मनोज कुमार साह ने बताया कि “प्रथम दृष्टया से यह सड़क हादसे का मामला लग रहा है। संभवतः कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद दिए गए बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा किस समय हुआ और कार की गति क्या थी।”