‘मुसलमानों का एनकाउंटर करने वालों का भी एनकाउंटर होगा’:AIMIM के यूपी अध्यक्ष बोले- 111 नहीं, 11 विधायक दे दो, ताकत दिखा देंगे

‘हमें 111 नहीं, सिर्फ 11 विधायक दे दो तो अपनी ताकत दिखा देंगे। किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा, तो करने वाले का भी एनकाउंटर होगा। केवल 11 विधायक में ही हम अपनी ताकत दिखा देंगे।’ यह बात असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के यूपी प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने 23 मार्च को कही। वह मेरठ में ईद मिलन के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। आज (मंगलवार) इसका वीडियो सामने आने के बाद शौकत अली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सामने आए 36 सेकेंड के वीडियो में दिख रहा है कि शौकत अली ईद मिलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे हैं। आसपास पार्टी के कुछ अन्य पदाधिकारी भी मौजूद हैं। उनकी बात खत्म होने के बाद पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता है। नारे लगने शुरू हो जाते हैं। वीडियो में शौकत अली ने कहा- मैं आपसे वादा करके जा रहा हूं कि यूपी में अगर किसी मुसलमान का एनकाउंटर होगा, तो ऐसा करने वालों का भी एनकाउंटर होगा। इस दौरान उन्होंने सपा पर भी निशाना साधा। कहा- आपने जिसके 111 विधायक जिताए, वही अब यह कह रहे कि उनकी सरकार नहीं है। वो क्या कर सकते हैं? पढ़िए, शौकत अली ने और क्या कहा… केवल बेगुनाहों को निशाना बनाया गया
शौकत अली ने कहा- प्रदेश में मदरसों पर ताले लगवाए गए। सिर्फ आरोपों के आधार पर लोगों के घरों पर बुलडोजर चलाए गए। बेगुनाहों को निशाना बनाया गया। इस देश को आजाद कराने में हम लोगों की भी भूमिका रही है। लेकिन, हमारे साथ सबसे ज्यादा ज्यादती हो रही है। उन्होंने मेरठ के पुलिस कप्तान के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें सड़क पर नमाज पढ़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी। शौकत अली ने कहा- रामनवमी के जुलूस के दौरान भी इसी तरह के सख्त कदम उठाने चाहिए। ईद मिलन नहीं, 2027 का आगाज
लोहिया नगर थाना क्षेत्र के एक मंडप में हुए ईद मिलन समारोह के कुछ और वीडियो भी सामने आए हैं। एक वीडियो में शौकत अली कह रहे हैं कि यह कार्यक्रम केवल ईद मिलन समारोह नहीं है। यह हमारा 2027 के विधानसभा चुनाव का आगाज है। अगर आप अपने विधायक को लखनऊ भेजना चाहते हैं, तो 1 साल के लिए घर से निकल जाओ। एक-एक घर, एक-एक गांव जाकर बताओ कि हमारे साथ इस मुल्क के अंदर सबसे ज्यादा नाइंसाफी हुई है। हिंदूवादी नेता का 48 घंटे का अल्टीमेटम अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने शौकत अली की 48 घंटे के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है। सचिन ने कहा कि शौकत अली ने एनकाउंटर करने की जो धमकी दी है, वह पुलिस के साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी दी है। शौकत अली भूल गया कि सलीम वास्तिक के साथ वारदात करने वाले आरोपियों का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। यह पुलिस भी योगी आदित्यनाथ की है। अगर 48 घंटे में शौकत अली की गिरफ्तारी नहीं होती, तो हम लोग सड़कों पर उतरेंगे। शौकत के ही नहीं, जो इस पूरे षड्यंत्र को रच रहा है उस ओवैसी के भी पुतले जलाएंगे। वहीं, भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा- एनकाउंटर हिंदू या मुसलमान का नहीं होता। एनकाउंटर अपराधियों का होता है। कानून व्यवस्था के कारण ही जनता का भाजपा सरकार पर मजबूत भरोसा है। भड़काऊ बयानों से जनता पर कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। एएसपी अंतरिक्ष जैन ने बताया- वायरल वीडियो में एक व्यक्ति भड़काऊ भाषण दे रहा है। उसके संबंध में थाना लोहियानगर में मुकदमा दर्ज किया गया है। जल्द ही कार्रवाई होगी। आजमगढ़ के रहने वाले हैं शौकत
शौकत अली मूलरूप से आजमगढ़ के फूलपुर विधानसभा के नगर पंचायत माहुल के रहने वाले हैं। उन्होंने अब तक कोई भी चुनाव नहीं लड़ा है। वह 2014 में AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बने। इससे पहले वह यूपी के संयोजक थे। ——————— ये खबर भी पढ़ें… मैनपुरी में देवर ने भाभी को मार डाला, लूडो खेलते समय चिकोटी काटी, धमकी दी तो गला दबाया मैनपुरी में चचेरे देवर ने भाभी की हत्या कर दी। देवर-भाभी साथ बैठकर लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान देवर ने भाभी को चिकोटी काट ली। इस पर भाभी ने विरोध किया और पति को बताने की धमकी दी। गुस्से में देवर ने भाभी का गला दबा दिया। पढ़ें पूरी खबर…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *