मेरठ में अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़, 26 पव्वे बरामद:आरोपी ने कबूला, ठेके से खरीदकर गांव में ऊंचे दाम पर बेच रहा था

मेरठ में होली पर्व के दौरान अवैध शराब तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है। थाना मुंडाली पुलिस ने काले आम चौराहे पर चेकिंग के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया। उसके पास से डीसीएम श्रीराम दिलकश देशी शराब मसाला उत्तर प्रदेश के 26 पव्वे (प्रत्येक 200 मिलीलीटर) बरामद किए गए। आरोपी ने पूछताछ में कबूल किया कि वह ठेके से शराब खरीदकर गांव में ऊंचे दामों पर बेचने जा रहा था। यह घटना बुधवार रात करीब 7:30 बजे की है। उपनिरीक्षक रामप्रताप सिंह अपने हमराह कांस्टेबल रजनीश के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने और संदिग्धों की तलाश में काले आम चौराहे पर तैनात थे। नागलामल की ओर से आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को काले रंग का पिट्ठू बैग लटकाए देखा गया। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर वह भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके बैग से 26 टेट्रा पैक शराब बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शीतल पुत्र स्वर्गीय छतरपाल सिंह, निवासी राछौती, थाना मुंडाली के रूप में हुई है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह होली के अवसर पर दो-चार पैसे के लालच में ठेके से शराब खरीदकर बेचने जा रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मामला दर्ज किया। उसे रात 10:30 बजे हिरासत में लिया गया। होली रंगोत्सव के मद्देनजर उसे छोड़ना जोखिम भरा माना गया, ताकि अपराध की पुनरावृत्ति न हो। बरामद शराब में से चार पव्वे नमूने के तौर पर सफेद कपड़े में सील किए गए, जबकि शेष 22 पव्वे बैग में ही सील सर्वे मोहर लगाकर रखे गए। पूरी प्रक्रिया का वीडियो मोबाइल पर रिकॉर्ड किया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने रंजिश का हवाला देते हुए गवाही देने से इनकार कर दिया। गिरफ्तारी के दौरान सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन किया गया। आरोपी के परिजनों को सूचना दी जाएगी। फर्द (रिपोर्ट) गूगल डॉक में तैयार कर प्रिंट की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *