मेरठ के दौराला क्षेत्र में NH-58 हाईवे पर मंगलम फार्म हाउस, दशरथपुर के पास एक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार थार गाड़ी ने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि थार अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बाइक सवार सोनू (35 वर्ष), पुत्र राजू, निवासी लोईया की मौके पर ही मौत हो गई। एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए, जिससे हाईवे पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाया। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद थार सवार वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।