मेसकौर में माह-ए-रमजान को लेकर उत्साह:लोग मस्जिदों की रंगाई-पुताई में जुटे, बुधवार रात चांद दिखने बाद शुरू होगा पाक महीना

नवादा जिले के मेसकौर प्रखंड क्षेत्र में रमजानुलमुबारक के आगमन को लेकर मुस्लिम समुदाय में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मुस्लिम समाज के लोग इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। मोहम्मद रहुफ खान के अनुसार, बुधवार को चांद दिखने की उम्मीद है, जिसके बाद 30 दिनों के रोजे शुरू हो जाएंगे। यदि बुधवार को चांदरात होती है, तो गुरुवार से इबादतों के इस पवित्र महीने का पहला अशरा आरंभ हो जाएगा। रमजानुलमुबारक के आगमन से पूर्व प्रखंड के तेतरिया, मेसकौर, सतुआ, बीजूबीघा, बड़ोसर और रसलपुरा सहित मुस्लिम बहुल गांवों की मस्जिदों में साफ-सफाई और सजावट का कार्य अंतिम चरण में है। तरावीह की नमाज के लिए मस्जिदों में विशेष तैयारियां की गई हैं। नमाजियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रोशनी, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। रमजान की तैयारियों के चलते मस्जिदों में रौनक बढ़ गई है। घरों से कुरान-ए-करीम की तिलावत की आवाजें गूंजने लगी हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में एक नूरानी माहौल बन गया है। मुस्लिम परिवारों में सहरी और इफ्तार की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। रमजानुलमुबारक के आगमन से क्षेत्र में धार्मिक और उत्सवी माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *