पंजाब के मोगा में आज एक डॉक्टर को दो गोली मारी गई है। घटना कोट इस्से खा मेन चौक की है। जहां आज क्लीनिक में डॉक्टर पर जानलेवा हमला हुआ है। डॉक्टर अनिलजीत सिंह कबोज मरीजों का इलाज कर रहे थे। इसी दौरान दो युवक मरीज बनकर क्लीनिक में घुसे। डॉक्टर जब टीका लगाने लगे, तभी बदमाशों ने उन पर दो गोलियां चला दीं। गोलियां लगते ही डॉक्टर जमीन पर गिर पड़े। घटना के समय क्लीनिक में डॉक्टर का बेटा और ड्राइवर मौजूद थे। दोनों ने तुरंत डॉक्टर को अस्पताल पहुंचाया। सूत्रों के अनुसार, डॉक्टर को पहले गैंगस्टरों से धमकी मिली थी। गोलियों की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल दोनों हमलावर फरार हैं और डॉक्टर की स्थिति नाजुक बनी हुई है।