मोगा जिले के बाघा पुराना कस्बे के पास गांव राज्यआना में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मृतक की पहचान गांव बांदरा निवासी 55 वर्षीय बूटा सिंह पुत्र तारा सिंह के रूप में हुई है। घायल महिला उनकी पत्नी बलजीत कौर हैं। बताया जा रहा है कि यह दंपतह मेलों में खिलौनों की दुकान लगाकर अपना गुजारा करते थे। जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी अपने बाइक रेहड़े पर सवार होकर मेले में खिलौनों की दुकान लगाने जा रहे थे। वे गांव बांदरा से चंद पुराना में लगने वाले मेले के लिए निकले थे। जब वे बाघा पुराना के पास गांव राज्यआना पहुंचे, तो उनका बाइक रेहड़ा सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बूटा सिंह और रेहड़ा ट्रक के नीचे फंस गया, जिससे बूटा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। देखें दो फोटो… घायल महिला फरीदकोट रेफर पत्नी बलजीत कौर को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया और 108 एम्बुलेंस की सहायता से मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला की नाजुक हालत को देखते हुए उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल फरीदकोट रेफर कर दिया। सड़क सुरक्षा फोर्स के अधिकारियों ने बताया कि उन्हें सुबह 6 बजे हादसे की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई कर रही है।