मोगा जिले के गांव पत्तों हीरा सिंह के पास एक सड़क हादसे में मां और उसके छोटे बेटे की मृत्यु हो गई। इस घटना में परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, गांव सुखानंद निवासी गुरचरण सिंह अपनी पत्नी ज्योति कौर, बेटे गुरसाज और बेटी के साथ बाइक पर माता सती मंदिर कुस्सा से घर लौट रहे थे। वे जब गांव रौंता के नजदीक भारत माला हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर गिर गए। हादसे में ज्योति कौर और उनके बेटे गुरसाज की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि ज्योति के पति गुरचरण और बेटी घायल हो गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मौके पर पहुंच पुलिस ने लिया स्थिति का जायजा घटना की सूचना मिलते ही थाना निहाल सिंह वाला की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मामले की जानकारी देते हुए एएसआई गुरदीप सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि दोषी वाहन चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषी को जल्द गिरफ्तार कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।