मोगा में गांव से शराब ठेका हटाने को लेकर धरना:ग्रामीण बोले- माहौल हो रहा है खराब, अधिकारियों ने दिया कार्रवाई का आश्वासन

मोगा जिले के बाघापुराना कस्बे के अंतर्गत आने वाले गांव माड़ी मुस्तफा में शराब के ठेके को लेकर ग्रामीणों ने धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने ठेके को तुरंत बंद करने और गांव से हटाने की मांग की। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। धरने पर बैठे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब का ठेका गांव के माहौल को खराब कर रहा है और युवाओं पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में अधिकारियों को कई बार सूचित किया गया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें प्रदर्शन करना पड़ा।
मामले पर पुनर्विचार किया जा रहा है: डीएसपी बाघापुराना के डीएसपी दलवीर सिंह सिद्धू ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि गांव माड़ी मुस्तफा और गुरुसर माड़ी अब दो अलग-अलग पंचायतें हैं, जबकि पहले ये एक ही पंचायत थीं। उन्होंने कहा कि यह ठेका कई वर्षों से वहां संचालित हो रहा था, लेकिन वर्तमान स्थिति को देखते हुए मामले पर पुनर्विचार किया जा रहा है। ठेका अस्थायी रूप से बंद, शांति बनाए रखने की अपील डीएसपी सिद्धू ने बताया कि थाना बाघापुराना के प्रभारी जनक राज ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया और धरना समाप्त करवाया। डीएसपी ने आश्वासन दिया कि पंचायत अधिकारियों और आबकारी विभाग के साथ मिलकर दोनों पंचायतों की सहमति से ही अगला निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, ग्रामीणों के विरोध के बाद ठेके को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या भड़कावे में न आएं और क्षेत्र में शांति तथा कानून व्यवस्था बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *