मोगा में गोली मारकर व्यक्ति की हत्या:पड़ोसी ने दिया वारदात को अंजाम, पत्नी से अवैध संबंध का शक, घर आने से किया मना

मोगा के धर्मकोट थाना क्षेत्र के गांव कैलां में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक को अपनी पत्नी के पड़ोसी के साथ अवैध संबंध होने का शक था, जिसके चलते दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना देर शाम करीब सात बजे हुई। गांव कैलां निवासी इंद्रजीत सिंह उर्फ सोनी ने अपने पड़ोसी भरपूर सिंह के सिर में अपनी 32 बोर लाइसेंसी रिवॉल्वर से गोली मार दी, जिससे भरपूर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के समय शराब के नशे में था। पत्नी के साथ अवैध संबंध का शक डीएसपी धर्मकोट जसवरिंदर सिंह ने बताया कि मृतक भरपूर सिंह को शक था कि उसकी पत्नी के इंद्रजीत सिंह उर्फ सोनी के साथ अवैध संबंध हैं। इसी शक के कारण भरपूर सिंह ने सोनी को अपने घर आने से मना किया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी इंद्रजीत सिंह उर्फ सोनी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से फरार है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *