अमेरिका, इज़राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब भारत में भी दिखने लगा है। एलपीजी सप्लाई प्रभावित होने से लोगों के लिए रसोईं का संकट खड़ा हो गया है। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति बंद हो गई है तो घरेलू गैस के लिए मुश्किल खड़ी हो गई है। हालांकि सरकार से लेकर प्रशासन के अधिकारी और एजेंसी संचालक घरेलू गैस की किसी भी प्रकार की कमी से इनकार कर रहे हैं और लोगों से न घबराने की अपील कर रहे है। लेकिन आनलाइन और ऐप से बुकिंग नहीं हो पा रही है। एजेंसियों पर भीड़ लगी है। एजेंसी संचालकों का कहना है कि इस समय घरेलू सिलेंडर की बुकिंग 30 फीसदी अधिक हो गई है। सर्वर डाउन होने से ऐप से बुकिंग में दिक्क्त हो रही है।
होटल और ढाबों पर काम बंद होने का संकट कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैटरिंग कारोबार से जुड़े लोगों में गहरी चिंता है होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से उन्हें समय पर कमर्शियल गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं। गैस एजेंसियों द्वारा सिलेंडरों की सीमित आपूर्ति की जा रही है, जिसके चलते दैनिक रसोई कार्यों में बाधा आ रही है। उद्योग से जुड़े लोगों का कहना है कि यदि यह स्थिति लंबे समय तक बनी रही, तो होटल और कैटरिंग उद्योग को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। कुछ संस्थाओं ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो कई रेस्टोरेंट और ढाबों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ सकता है।
वैकल्पिक रास्ते तलाश रहे ढाबा संचालक कई होटल मालिकों ने बताया कि गैस की कमी के कारण वे वैकल्पिक तरीकों की तलाश कर रहे हैं। कुछ स्थानों पर रसोई चलाने के लिए डीजल या अन्य ईंधन का उपयोग करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन यह तरीका महंगा होने के साथ-साथ पूरी तरह प्रभावी भी साबित नहीं हो रहा है। होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने सरकार और संबंधित विभागों से मांग की है कि कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य की जाए। उनका कहना है कि इससे कारोबार को प्रभावित होने से बचाया जा सकेगा और आम लोगों को भी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।