मोगा जिले के कस्बा अजितवाल में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की टक्कर से मौत हो गई। यह हादसा धूड़ीके को जाने वाले रास्ते पर बने रेलवे फाटक के पास हुआ। रेलवे पुलिस ने देर रात 11 बजे मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। रेलवे पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्हें स्टेशन मास्टर द्वारा रेलवे ट्रैक पर एक शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फिरोजपुर से लुधियाना की ओर जा रही एक रेलगाड़ी की टक्कर लगने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए आगे की जांच कर रही है। नहीं हो सकी मृतक की पहचान इसके बाद रेलवे पुलिस अधिकारियों ने मोगा की समाज सेवा सोसाइटी को मौके पर बुलाया। सोसाइटी के सहयोग से मृतक के शव को पहचान के लिए मोगा के सिविल अस्पताल के शवगृह में 72 घंटों के लिए रखवा दिया गया है। समाज सेवा सोसाइटी के सेवकों ने शव को घटनास्थल से उठाकर सिविल अस्पताल मोगा पहुंचाया। मृतक की पहचान होने और परिजनों के मिलने के बाद ही डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।