मोगा जिले के एक गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 14 वर्षीय छात्रा पर रिश्ते में उसके नाना लगने वाले व्यक्ति ने दातर से हमला कर दिया। छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद फरीदकोट रेफर किया गया है। यह वारदात उस समय हुई जब बच्ची स्कूल से लौटकर अपने कमरे में कपड़े बदल रही थी। अचानक हुए इस हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने उसे लहूलुहान हालत में तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि उनके मामा (जो आरोपी हैं) लंबे समय से बच्ची के साथ अश्लील हरकतें करते थे। बेटी ने यह बात परिवार को बताई थी और इसका विरोध भी किया गया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने गुस्से में आकर इस वारदात को अंजाम दिया। मां ने पुलिस से मांग की है कि आरोपी को कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। दर्ज किए जाएंगे घायल लड़की के बयान : इंस्पेक्टर अस्पताल के डॉक्टर कुलदीप ने बताया कि घायल बच्ची को गंभीर हालत में लाया गया था। उसके शरीर पर गहरे जख्म थे और काफी खून बह चुका था। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उसे फरीदकोट रेफर कर दिया गया। मामले की जांच कर रहे इंस्पेक्टर हरविंदर सिंह ने जानकारी दी कि घटना उनके संज्ञान में है। घायल लड़की और उसके परिजनों के बयान दर्ज किए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।