मोगा जिले के थाना सदर क्षेत्र में एक गाड़ी ड्राइवर से मारपीट का मामला सामने आया है। जहां पुलिस ने इस संबंध में दो नामजद व्यक्तियों और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना सदर के जांच अधिकारी ए.एस.आई. सुखदेव सिंह ने बताया कि गांव काहन सिंह वाला निवासी हरदेव सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है। हरदेव सिंह के अनुसार, वह अपने ‘छोटा हाथी’ वाहन से गांव काहन सिंह वाला से जोगेवाला होते हुए गांव ढिड्डे में भैंस खरीदने जा रहा था। इसी बीच पुरानी रंजिश में गांव काहन सिंह वाला के गुरभेज सिंह और बब्बू सिंह ने अपने कुछ अन्य साथियों के साथ मिलकर उसका रास्ता रोक लिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपियों ने उसकी गाड़ी को घेर लिया और बेसबॉल के डंडों से उस पर हमला किया। पुलिस ने आरोपियों पर केस किया दर्ज इस हमले में हरदेव सिंह घायल हो गए और उनका वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हरदेव सिंह के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों की सहायता से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। ए.एस.आई. सुखदेव सिंह के अनुसार, पीड़ित हरदेव सिंह के बयान के आधार पर गुरभेज सिंह, बब्बू सिंह और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।