मोगा के सिटी साउथ थाना क्षेत्र स्थित बराड़ कॉम्प्लेक्स में होली खेल रहे कुछ लोगों ने एक रिटायर्ड सैनिक पर ईंट से हमला कर दिया। इस हमले में रिटायर्ड सैनिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए फरीदकोट रेफर किया गया है। बता दे कि घायल पूर्व सैनिक की पहचान बराड़ कॉम्प्लेक्स निवासी लखबीर सिंह के रूप में हुई है। लखबीर सिंह ने बताया कि बुधवार दोपहर वह बाजार से सब्जी और अन्य सामान लेकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे। जब वह अपनी गली में पहुंचे, तो वहां कुछ प्रवासी लोग होली खेल रहे थे और रंग-गुलाल उड़ा रहे थे। ईंट उठाकर मुंह पर मार दी लखबीर सिंह ने उनसे रास्ता देने को कहा, जिस पर वे गाली-गलौज करने लगे। इसी बात को लेकर बहस बढ़ गई और होली खेल रहे लोगों ने उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान भीड़ में से किसी एक व्यक्ति ने ईंट उठाकर उनके मुंह पर मार दी। मौके से फरार हो गए हमले के बाद लखबीर सिंह के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल लखबीर सिंह को पहले मोगा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें फरीदकोट रेफर कर दिया गया। परिजनों ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान घायल लखबीर सिंह के गले से सोने की चेन और हाथ से अंगूठी भी गायब हो गई।