मोगा जिले के बाघा पुराना विधानसभा सीट से आप विधायक सुखानंद ने हाल ही में हुए सरपंच हत्या मामले में सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपने ऊपर लगे आरोपों पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि बाघा पुराना में हुई घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी और ऐसा नहीं होना चाहिए था। यह घटना बाघा पुराना में सुबह के समय हुई, जिसमें एक युवक की हत्या कर दी गई। विधायक ने मृतक सरपंच हैप्पी के परिवार और उनकी पत्नी के प्रति दुख साझा किया। हैप्पी निहाल सिंह वाला हलके के पत्तो गांव का सरपंच था। विधायक ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की है। उन्होंने हैरानी जताई कि किस तरह एक घटना को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। बिक्रमजीत पर लगाया राजनीतिक लाभ लेने का आरोप विधायक सुखानंद ने सुखपाल खैहरा और बिक्रमजीत मजीठिया जैसे नेताओं पर घटना का राजनीतिक लाभ उठाने और आम आदमी पार्टी को बदनाम करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सच्चाई लोगों के सामने लाना आवश्यक है। यह मामला दरअसल एक पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। हत्या का आरोपी मनप्रीत सिंह है, जबकि मृतक हैप्पी सरपंच है। कई चैनलों पर वायरल हो रही लड़की का नाम रुपिंदर कौर है, जो मनप्रीत सिंह की पत्नी है। रुपिंदर कौर ने खुद स्वीकार किया है कि वह अपने पति को छोड़कर मृतक हैप्पी सरपंच के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। विधायक के अनुसार यही इस पूरे मामले की जड़ है। इसका राजनीति से कोई संबंध नहीं है और न ही किसी ने किसी से यह घटना करवायी है। विधायक सुखानंद ने कहा कि जब मनप्रीत सिंह ने देखा कि उसकी पत्नी किसी दूसरे युवक के साथ रह रही है और पिछले करीब एक साल से उसके साथ रह रही है, तो इसी रंजिश के चलते उसने उस युवक की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच में भी इस बात की पुष्टि हो चुकी है। सुखानंद बोले- कुछ लोग हर घटना को राजनीतिक मुद्दा बना देते विधायक सुखानंद ने कहा कि कुछ लोग हर घटना को राजनीतिक मुद्दा बना देते हैं। उन्होंने विपक्षी नेताओं से कहा कि किसी भी मामले पर बयान देने से पहले उसकी सच्चाई की जांच कर लेनी चाहिए। उन्होंने दोहराया कि यह एक पारिवारिक विवाद था और पहले से ही दोनों पक्षों के बीच झगड़ा चलता आ रहा था।