मोगा के निहाल सिंह वाला सब डिवीजन के पत्तो हीरा सिंह गांव में सरपंच हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी की हत्या के मामले में बाघा पुराना पुलिस ने 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह मामला पत्तो हीरा सिंह निवासी जसविंदर सिंह के बयानों के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने जैमलवाला गांव के मनप्रीत सिंह उर्फ बबलू, जोबनप्रीत सिंह, जसवंत सिंह और पत्तो हीरा सिंह गांव के जसकरण सिंह उर्फ जस्सू शर्मा सहित 6-7 अज्ञात व्यक्तियों पर हत्या व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। SSP बोले- पंट्रोल पंप के सामने गोली मारी गई इस मामले में मोगा SSP अजय गांधी ने बताया कि सरपंच हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी को कोटकपूरा रोड पर एक पेट्रोल पंप के सामने उस समय गोली मारी गई, जब वह अपनी गाड़ी से उतर रहे थे। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी और कई लोगों से पूछताछ भी जारी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और हैप्पी सरपंच के हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की आगे की जांच थाना बाघा पुराना के प्रभारी इंस्पेक्टर जतिंदर सिंह कर रहे हैं।