मोतिहारी के गोविंदगंज थाना क्षेत्र स्थित झखरा हनुमान मंदिर से मुकुट चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर लिया है। इस मामले में चोरी करने वाले आरोपी और चोरी का सामान खरीदने वाले व्यक्ति, दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अरेराज डीएसपी रवि कुमार ने घटना के संबंध में बताया कि पुलिस को झखरा स्थित हनुमान मंदिर से भगवान का मुकुट चोरी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही गोविंदगंज थानाध्यक्ष राजू तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। मंदिर का स्थायी पुजारी बाहर गया हुआ था जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मंदिर का स्थायी पुजारी बाहर गया हुआ था। उसकी अनुपस्थिति में रितिक मिश्रा नामक युवक पुजारी बनकर मंदिर में रह रहा था। पुलिस को रितिक मिश्रा की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। रितिक मिश्रा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने मंदिर से मुकुट चोरी कर तुरकौलिया थाना क्षेत्र के श्रीपति ज्वेलर्स के मालिक अरुण कुमार को छह हजार रुपये में बेच दिया था। बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। संबंधित ज्वेलर्स दुकान पर छापेमारी कर चोरी किया गया मुकुट बरामद कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलर्स मालिक अरुण कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी रवि कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई करेगी और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।