मोमोज खाने के बाद भाई-बहन की मौत:रात में अचानक उल्टियां होने लगीं, सुबह नहीं उठे; तरनतारन पुलिस ने रेहड़ी वाले को हिरासत में लिया

तरनतारन में संदिग्ध परिस्थितियों में सगे भाई-बहन की मौत हो गई। रात में उनकी अचानक तबीयत बिगड़ी, तो सुबह माता-पिता दोनों बच्चों को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। परिजन के अनुसार, बच्चों ने शनिवार रात को मोमोज और चाप खाई थी। इसके कुछ देर बाद उन्हें उल्टियां हुईं। काफी देर परेशान होने के बाद बच्चे सो गए थे, लेकिन सुबह उठे नहीं। माता-पिता के केवल ये दोनों ही बच्चे थे। माता-पिता के बयान के बाद पुलिस ने रेहड़ी पर मोमोज बेचने वाले को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। दोनों बच्चों के शवों को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। मां बोली- पूरी तरह स्वस्थ थे बच्चे जानकारी के मुताबिक, यह घटना तरनतारन शहर की डीएसपी वाली गली में हुई। यहां रहने वाले 40 वर्षीय विशाल और उनकी 36 साल की पत्नी नेहा ने बताया कि उनके 2 ही बच्चे थे। 6 साल का आरव और 9 साल की दानिका। दोनों बच्चे पूरी तरह स्वस्थ थे। नेहा ने बताया कि शनिवार शाम को बच्चों ने मोमोज खाने की जिद की। इसके बाद बच्चों के पिता विशाल घर से कुछ ही दूर लगी रेहड़ी से बच्चों के लिए मोमोज और चाप लेकर आए। करीब 8 बजे बच्चों ने मोमोज और चाप खाई। इसके बाद वे जाकर टीवी देखने लगे। दवाई देकर बच्चों को सुलाया, सुबह मृत मिले बच्चों की मां के मुताबिक, रात करीब 10 बजे दोनों बच्चों की तबीयत खराब हुई। उन्होंने उल्टियां शुरू कर दीं। दोनों को करीब 3 से 4 बार उल्टियां हुईं। हालांकि, रात हो गई थी और उल्टियों को ज्यादा बड़ी समस्या न समझकर वे बच्चों को अस्पताल लेकर नहीं गए। उन्हें घर में पहले से रखीं उल्टी रोकने की दवाई दे दी। इसके बाद सुबह करीब 4 बजे बच्चे सो गए। नेहा ने बताया- रविवार सुबह करीब 8 बजे मैंने कमरे में जाकर आरव को देखा। उसकी धड़कनें नहीं चल रही थीं। इसके बाद मैंने बेटी दानिका की भी हार्टबीट चेक की। वह भी शांत थी। सांस नहीं ले रही थी। दोनों बच्चों की मौत हो चुकी थी। पुलिस बोली- रेहड़ीवाले से पूछताछ हो रही परिजन के अनुसार, तुरंत ही बच्चों को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने दोनों बच्चों को मृत बताया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। जांच के लिए सिटी थाने की पुलिस पहुंची। पुलिस ने शवों को सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस के अनुसार, उस रेहड़ी वाले को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जिनसे मोमोज बेचे थे। उसका कहना है कि उसने मोमोज बहुत से लोगों को बेचे हैं और लोगों ने खाए हैं। अगर मोमोज से तबीयत बिगड़ी होती तो बहुत से लोग अस्पताल में होते। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। पिछले महीने मनाया था बेटे का जन्मदिन घर में 10 दिन पहले ही बेटे आरव का जन्मदिन मनाया गया था। वह पिछले महीने ही 6 साल का हुआ था। घर के दोनों बच्चों की एकसाथ मौत से पूरे मोहल्ले में मातम पसरा हुआ है। लोग बच्चों के परिजन को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *