मोहाली में डेराबस्सी के गुरु हरकिशन पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी स्कूल प्रशासन को ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसमें स्कूल परिसर को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इस सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के तुरंत बाद स्कूल प्रिंसिपल ने पुलिस को सूचित किया। एहतियात के तौर पर स्कूल को तत्काल खाली करा लिया गया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंचीं और सघन तलाशी अभियान शुरू किया। घटना की सूचना मिलते स्कूल पहुचे अभिभावक घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक स्कूल पहुंच गए। अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर उनमें चिंता का माहौल था। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभिभावकों से शांति बनाए रखने की अपील की।इसी बीच, मोहाली स्थित फोर्टिस अस्पताल को भी ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सूचित किया, जिसके बाद वहां भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और जांच जारी है। पुलिस की साइबर सेल ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी। फिलहाल दोनों स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद है और स्थिति नियंत्रण में है।